रांची में बवाल! 300 दुकानदारों ने बंद किया पूरा वेंडर मार्केट, निगम के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना

3 Min Read
Spread the love

Ranchi : राजधानी रांची के अटल स्मृति वेंडर मार्केट में बड़ा हंगामा देखने को मिला. नगर निगम के खिलाफ करीब 300 दुकानदार अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं. इस विरोध में महिला, पुरुष और बुजुर्ग सभी शामिल हैं. आंदोलन के चलते मार्केट की सभी दुकानें बंद कर दी गई हैं, जिससे पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है.

पुनः लॉटरी से भड़का विवाद

दुकानदारों का कहना है कि नगर निगम की ओर से मेंटेनेंस बकाया जमा करने के लिए नोटिस जारी किया गया था. नोटिस में साफ लिखा था कि 17 फरवरी तक बकाया जमा नहीं करने पर संबंधित दुकानदारों को पुनः लॉटरी प्रक्रिया से वंचित कर दिया जाएगा. यही ‘पुनः लॉटरी’ शब्द विवाद की वजह बन गया और दुकानदारों में नाराजगी फैल गई.

दुकानदारों के मुताबिक,  नोटिस मिलने के बाद करीब 90 प्रतिशत लोगों ने अपना बकाया जमा कर दिया है. बाकी लोगों ने भी तय समय सीमा के अंदर भुगतान करने की बात कही है. उनका आरोप है कि निगम कार्यालय में जब वे भुगतान करने जाते हैं तो एक महीने की किस्त लेने के बजाय पूरी रकम एकमुश्त जमा करने का दबाव बनाया जाता है.

सात साल की मेहनत पर संकट?

दुकानदारों ने बताया कि करीब सात साल पहले लॉटरी के जरिए उन्हें दुकानें आवंटित की गई थीं. तब से वे लगातार मेहनत कर रहे हैं और अपने ग्राहकों का भरोसा जीत चुके हैं. उनका कहना है कि अगर दोबारा लॉटरी होती है तो उन्हें नई जगह से फिर शुरुआत करनी पड़ेगी, जिससे उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित होगा.

हाथों में तख्तियां, आंखों में चिंता

धरने के दौरान दुकानदार हाथों में तख्तियां लेकर बैठे रहे. इन पर लिखा था–
“हमारे पेट पर लात मत मारो”,
“हमें आत्महत्या के लिए मजबूर मत करो”
और “हम सब दुकानदार एक हैं”.

री-लॉटरी के विरोध के साथ-साथ दुकानदारों ने मार्केट में बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया. उनका कहना है कि यहां साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं है. शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होती और नालियां जाम रहने से बदबू फैलती है, जिससे ग्राहकों को भी परेशानी होती है. फिलहाल दुकानदार अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर डटे हुए हैं. अब सबकी निगाहें नगर निगम के अगले कदम पर टिकी हैं.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *