पलामू में मॉब लिंचिंग, बैटरी चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या

2 Min Read
सांकेतिक तस्वीर
Spread the love

पलामू: पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां ग्रामीणों ने बैटरी चोरी के शक में एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना ने एक बार फिर राज्य में भीड़ हिंसा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

चोर समझकर बनाया बंधक, फिर की बेरहमी से पिटाई

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पवन कुमार रवि के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह शनिवार शाम तेलियाही गांव गया था. देर रात गांव में मौजूद लोगों ने उसे संदिग्ध मानते हुए पकड़ लिया. आरोप है कि पहले उसके हाथ-पैर बांधे गए और फिर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की गई. ग्रामीणों का दावा था कि वह बैटरी चोरी की नीयत से गांव में घुसा था.

अस्पताल ले जाते वक्त हुई मौत

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया. गंभीर रूप से घायल पवन को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

सड़क जाम, निष्पक्ष जांच की मांग

घटना की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और पाटन-पड़वा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. परिवार का आरोप है कि युवक की हत्या साजिश के तहत की गई है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *