गढ़वा के ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े चोरी, 20 लाख के गहने पर किया हाथ साफ

Spread the love

Garhwa: झारखंड के गढ़वा शहर के पुरानी बाजार स्थित भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात  हुई. जानकारी के मुताबिक, नरेश बाबू की आभूषण दुकान में दो युवक ग्राहक बनकर पहुंचे और करीब 20 लाख रुपये के सोने के गहने लेकर फरार हो गए.

घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले एक युवक दुकान में आया और अपनी बहन के लिए गिफ्ट के तौर पर आभूषण दिखाने की बात कही. दुकानदार ने जैसे ही बॉक्स में रखे गहने निकालकर दिखाने शुरू किए, तभी दूसरा युवक भी दुकान में आ गया. उसने बड़ी चालाकी से दुकानदार को कुछ नगद पैसे थमाए और कहा कि उसकी बहन बाहर खड़ी है, उसके लिए एक और गिफ्ट लेकर आता हूं.

इसी बीच दोनों युवकों ने मौका देखा और गहनों से भरा बॉक्स बिना किसी को शक हुए पैकेट में रख लिया. इसके बाद वे तेज़ी से दुकान से निकल गए. जब तक दुकानदार को कुछ समझ आता, तब तक दोनों शातिर फरार हो चुके थे.

दुकानदार नरेश बाबू शराफ के मुताबिक, लगभग पौने चार ग्राम सोने के आभूषण चोरी हुए हैं. इनमें लॉकेट, सिकड़ी और कान की बाली शामिल हैं. इन गहनों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है.

घटना की सूचना मिलते ही गढ़वा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और बहुत जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

वहीं, वारदात की खबर मिलते ही सतेंद्रनाथ तिवारी और पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है और व्यापारी वर्ग में नाराज़गी देखी जा रही है.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top