महाशिवरात्रि पर क्यों खास है रुद्राभिषेक, जानिए सही तरीका

3 Min Read
महाशिवरात्रि 2026
Spread the love

Mahashivratri 2026: अब महाशिवरात्रि में सिर्फ 10 दिन रह गए हैं. वर्ष 2026 में महाशिवरात्रि का पावन पर्व 15 फरवरी को मनाया जाएगा. यह दिन भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह उत्सव के रूप में मनाया जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शिव-पार्वती का विवाह दुनिया का पहला प्रेम विवाह माना जाता है. माता पार्वती ने कठोर तपस्या के बाद भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त किया था. इसी कारण महाशिवरात्रि का व्रत विशेष रूप से कुंवारी कन्याएं अच्छे और मनचाहे वर की प्राप्ति के लिए रखती हैं. हालांकि, यह व्रत कोई भी श्रद्धालु रख सकता है. मान्यता है कि जो व्यक्ति सच्चे मन से इस दिन व्रत रखकर शिव-पार्वती की पूजा करता है, उस पर भगवान शिव की विशेष कृपा बनी रहती है.

महाशिवरात्रि पर रुद्राभिषेक का विशेष महत्व

महाशिवरात्रि के दिन रुद्राभिषेक का अत्यंत महत्व बताया गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन विधिपूर्वक रुद्राभिषेक करने से भगवान शिव शीघ्र ही भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं. इसके साथ ही जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है. रुद्राभिषेक से मानसिक तनाव दूर होता है और घर में सुख-समृद्धि आती है.

रुद्राभिषेक करने का सही और आसान तरीका

रुद्राभिषेक वैसे तो हर सोमवार किया जा सकता है, लेकिन महाशिवरात्रि के दिन इसका फल कई गुना बढ़ जाता है. आप इसे मंदिर में शिवलिंग पर कर सकते हैं या फिर घर पर भी आसानी से कर सकते हैं. सबसे पहले अपने घर के पूजा स्थल की अच्छे से साफ-सफाई करें. इसके बाद गंगाजल से स्थान को शुद्ध करें और वहां शिवलिंग की स्थापना करें. ध्यान रखें कि शिवलिंग को उत्तर दिशा की ओर रखें. रुद्राभिषेक करते समय आपका मुख पूर्व दिशा की ओर होना चाहिए. एक कलश में गंगाजल, दूध, दही, शहद, जल और पंचामृत मिलाएं. इसी मिश्रण से शिवलिंग का अभिषेक करें. अभिषेक के दौरान महामृत्युंजय मंत्र का जाप करना अत्यंत शुभ माना जाता है.

महामृत्युंजय मंत्र

ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्.
उर्वारुकमिव बन्धनान् मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्.

इन मंत्रों का भी करें जाप

महामृत्युंजय मंत्र के जाप के बाद शिव तांडव स्तोत्र का पाठ किया जा सकता है. इसके अलावा ॐ नमः शिवाय मंत्र का 108 बार जाप करना भी अत्यंत फलदायी माना गया है.

शिवलिंग पर अर्पित करें ये वस्तुएं

रुद्राभिषेक के बाद शिवलिंग पर चंदन लगाएं. इसके बाद बेलपत्र, धतूरा और फूल अर्पित करें. शिव पूजा की अन्य सामग्री भी विधिपूर्वक चढ़ाएं और भोग लगाएं.

अभिषेक के बाद बचे हुए जल को पूरे घर में हल्के हाथ से छिड़क दें. मान्यता है कि इससे घर का वातावरण शुद्ध हो जाता है. अंत में इस जल को प्रसाद के रूप में स्वयं ग्रहण करें और घर के अन्य सदस्यों को भी दें.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *