Inlive247 Desk: होली के मौके पर घर जानें और लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. रेल मंत्रालय ने रांची और आसपास के इलाकों के यात्रियों को ध्यान में रखते हुए होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन का ऐलान किया है. इन विशेष ट्रेनों के चलने से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले करीब 50 से 70 हजार यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है. दरअसल, दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों से रांची आने वाली नियमित ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 100 के पार पहुंच चुकी है. ऐसे में स्पेशल ट्रेनों की घोषणा यात्रियों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है.
तिरुपति–रक्सौल होली स्पेशल
होली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन संख्या 07051 तिरुपति से रक्सौल के लिए 21, 28 फरवरी और 7 मार्च 2026 को रवाना होगी. यह ट्रेन सिकंदराबाद, गोंदिया, बिलासपुर, राउरकेला, हटिया, रांची, मूरी, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, जसीडीह और समस्तीपुर होते हुए सोमवार को रक्सौल पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 07052 रक्सौल से तिरुपति के लिए 24 फरवरी, 3 मार्च और 10 मार्च को प्रस्थान करेगी.
रांची–झंझारपुर स्पेशल ट्रेन
इसके अलावा 08105 रांची–झंझारपुर होली स्पेशल 2 मार्च से 30 मार्च तक प्रत्येक सोमवार रात 10 बजकर 50 मिनट पर रांची से खुलेगी और अगले दिन शाम 4 बजे झंझारपुर पहुंचेगी. वापसी में 08106 झंझारपुर–रांची स्पेशल 3 मार्च से 31 मार्च तक प्रत्येक मंगलवार शाम 6 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर रांची पहुंचेगी.
रांची–गोरखपुर के बीच भी विशेष ट्रेन
रांची और गोरखपुर के बीच भी होली स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है. 08629 रांची–गोरखपुर होली स्पेशल 2 मार्च से 30 मार्च तक हर सोमवार रात 11 बजकर 55 मिनट पर रांची से रवाना होगी और अगले दिन रात 9 बजकर 30 मिनट पर गोरखपुर पहुंचेगी. वापसी में 08630 गोरखपुर–रांची होली स्पेशल 4 मार्च से 1 अप्रैल तक प्रत्येक बुधवार रात 12 बजकर 50 मिनट पर गोरखपुर से खुलेगी और उसी दिन रात 8 बजकर 45 मिनट पर रांची पहुंचेगी. इस ट्रेन का ठहराव मूरी और बोकारो स्टील सिटी में भी होगा. होली पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए ये स्पेशल ट्रेनें बड़ी राहत साबित हो सकती है. ऐसे में टिकट बुकिंग में देरी न करें, क्योंकि त्योहार के सीजन में सीटें तेजी से भरती हैं.
यह भी पढ़ें: रिश्वत लेना रोजगार सेवक को पड़ गया भारी, ACB ने रंगे हाथ दबोचा
