रिश्वत लेना रोजगार सेवक को पड़ गया भारी, ACB ने रंगे हाथ दबोचा

Spread the love

Palamu News: पलामू जिले के छतरपुर प्रखंड की सिलदाग पंचायत में कार्यरत एक रोजगार सेवक को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. आरोपी सुनील कुमार पर सरकारी योजना के तहत काम पास कराने के बदले अवैध रकम मांगने का आरोप है.

लाभुक से लगभग 25 हजार रुपये की मांग की गई

जानकारी के अनुसार, दीदी बाड़ी योजना के अंतर्गत स्वीकृति देने के लिए रोजगार सेवक ने लाभुक से लगभग 25 हजार रुपये की मांग की थी. शिकायतकर्ता ने अपनी आर्थिक मजबूरी का हवाला देते हुए इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, लेकिन इसके बावजूद आरोपी बिना पैसे काम करने को तैयार नहीं हुआ.

शिकायतकर्ता ने एसीबी से किया संपर्क

इससे परेशान होकर शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क किया. शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद एसीबी ने जाल बिछाने की योजना बनाई. तय रणनीति के तहत शुक्रवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को छह हजार रुपये सौंपे, पहले से घात लगाए टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया.

न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया आरोपी

गिरफ्तारी की प्रक्रिया दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में पूरी की गई. इसके बाद आरोपी को मेडिकल जांच के लिए एमएमसीएच ले जाया गया और फिर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

इस कार्रवाई के बाद प्रखंड क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है. स्थानीय लोगों ने एसीबी की तत्परता की सराहना की है और सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई है. लोगों का कहना है कि ऐसी सख्त कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी और जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ बिना बाधा मिल सकेगा.

यह भी पढ़ें: रांची में विकसित भारत बजट पर संवाद, डॉ गौरव वल्लभ व संजय सेठ ने साझा किया विजन

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top