INDIALATEST NEWSSPORTS

पीटी उषा के पति वी. श्रीनिवासन का निधन, PM मोदी ने जताया शोक

Spread the love

Desk : भारतीय खेल जगत की एथलीट और राज्यसभा सांसद पीटी उषा के पति वी. श्रीनिवासन का शुक्रवार तड़के निधन हो गया. वह 67 वर्ष के थे. बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह अपने घर पर ही वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े. परिजन उन्हें तुरंत पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक

इस दुखद खबर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद पीटी उषा से फोन पर बात की और उन्हें ढांढस बंधाया. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने श्रीनिवासन के निधन को अपूरणीय क्षति बताया और इस कठिन समय में परिवार को धैर्य और शक्ति देने की कामना की.

हर सफर में बने रहे मजबूत सहारा

वी. श्रीनिवासन केंद्र सरकार में कर्मचारी रह चुके थे. पीटी उषा के खेल जीवन से लेकर उनके सार्वजनिक और राजनीतिक सफर तक, वह हमेशा उनके साथ मजबूती से खड़े रहे. उन्हें अक्सर पीटी उषा की सफलता के पीछे एक मजबूत स्तंभ के रूप में देखा जाता था, जो पर्दे के पीछे रहकर हर चुनौती में उनका साथ निभाते रहे. दंपति का एक बेटा है, जिसका नाम उज्ज्वल है.

नेताओं ने भी जताई संवेदनाएं

श्रीनिवासन के निधन पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी गहरा दुख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस खबर से वह बेहद आहत हैं और पीटी उषा व उनके परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करते हैं. साथ ही उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह इस मुश्किल घड़ी में परिवार को संबल प्रदान करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *