INDIALATEST NEWS

12 फरवरी को भारत बंद! बैंक, बाजार और स्कूलों पर कितना पड़ेगा असर? जानिए क्या-क्या रहेगा प्रभावित

Spread the love

Inlive247 Desk: 12 फरवरी 2026 को देशभर में भारत बंद का आह्वान किया गया है. कई केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों ने हड़ताल का ऐलान किया है, जिसके चलते बैंकिंग सेवाओं से लेकर सड़कों पर यातायात तक प्रभावित हो सकता है. बंद के कारण कई राज्यों में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, सरकारी दफ्तर, परिवहन सेवाएं और बाजारों पर असर पड़ने की संभावना है. स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर कुछ इलाकों में स्कूल और कॉलेज भी बंद रह सकते हैं, खासकर जहां विरोध प्रदर्शन तेज रहेगा या परिवहन सेवाएं बाधित होंगी.

दरअसल, श्रमिक संघ पिछले साल 29 श्रम कानूनों की जगह लागू की गई चार नई श्रम संहिताओं का विरोध कर रहे हैं. संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) और अखिल भारतीय किसान सभा (एआईकेएस) जैसे किसान संगठनों ने भी इस हड़ताल को पूरा समर्थन दिया है.

जानें क्यों बुलाया गया है भारत बंद

यूनियनों का आरोप है कि नई श्रम संहिताएं श्रमिकों के अधिकारों को कमजोर करती हैं, नौकरी की सुरक्षा घटाती हैं और नियोक्ताओं के लिए कर्मचारियों को नियुक्त करना और हटाना आसान बनाती हैं. इसके अलावा, निजीकरण, वेतन संबंधी मुद्दों और सामाजिक सुरक्षा की कमी को लेकर भी चिंता जताई गई है. यूनियनों का दावा है कि अधिकांश क्षेत्रों और उद्योगों में हड़ताल के नोटिस जारी कर दिए गए हैं और तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं.

उनकी प्रमुख मांगों में चारों श्रम संहिताओं और संबंधित नियमों को रद्द करना शामिल है. साथ ही, बीज विधेयक का मसौदा, विद्युत संशोधन विधेयक और ‘भारत के रूपांतरण के लिए परमाणु ऊर्जा के सतत दोहन और विकास (शांति) अधिनियम’ को वापस लेने की मांग की गई है. ट्रेड यूनियंस एमजीएनआरईजीए को बहाल करने और ‘विकसित भारत – रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम, 2’ को रद्द करने की मांग भी उठा रहे हैं.

क्या स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे?

देशभर में स्कूल और कॉलेज बंद करने को लेकर कोई राष्ट्रीय स्तर की घोषणा नहीं हुई है. हालांकि, केरल, कर्नाटक और ओडिशा जैसे राज्यों में स्थानीय संगठनों के समर्थन या परिवहन बाधित होने की स्थिति में शिक्षण संस्थान बंद रह सकते हैं. अभिभावकों और छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपने-अपने स्कूलों और कॉलेजों की ओर से जारी आधिकारिक सूचना पर नजर रखें.

बैंकिंग सेवाओं पर क्या होगा असर?

भारत बंद का असर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों पर पड़ सकता है. कर्मचारियों और अधिकारियों के कई संगठनों ने हड़ताल में शामिल होने की घोषणा की है. ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज़ एसोसिएशन (AIBEA), AIBOA और BEFI जैसे प्रमुख बैंक संघों ने अपने सदस्यों से हड़ताल में भाग लेने की अपील की है.

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने मंगलवार को जानकारी दी कि 12 फरवरी 2026 को देशव्यापी बैंक हड़ताल निर्धारित है और ग्राहकों को पहले ही सचेत किया है कि सेवाएं कुछ हद तक प्रभावित हो सकती हैं. कामकाज सीमित रूप से प्रभावित होने की संभावना जताई गई है.

आईडीबीआई बैंक को भी बैंक संघों से आधिकारिक हड़ताल सूचना मिली है. हालांकि, न तो बैंकों और न ही भारतीय रिजर्व बैंक ने इस दिन को आधिकारिक बैंक अवकाश घोषित किया है. इसका मतलब है कि शाखाएं खुली रह सकती हैं, लेकिन सेवाओं में आंशिक बाधा संभव है.

ग्राहकों को शाखा सेवाओं, चेक क्लियरेंस, जमा और निकासी में परेशानी हो सकती है. ऑनलाइन बैंकिंग और एटीएम सेवाएं चालू रहने की उम्मीद है, हालांकि कुछ देरी संभव है. निजी बैंक भी खुले रह सकते हैं, लेकिन सेवाएं स्थान के अनुसार अलग-अलग हो सकती हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *