गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र में एक 20 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना समसेरा नदी के पास सोमवार शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है. पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कुछ ही घंटों में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
शादी समारोह से लौटते समय हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, युवती रायकेरा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी. समारोह में मौजूद चार युवक भी उसी कार्यक्रम में पहुंचे थे. देर शाम जब युवती घर लौटने लगी तो एक युवक ने उसे घर छोड़ने का प्रस्ताव दिया और बाइक पर बैठा लिया.
आरोप है कि युवक उसे समसेरा नदी के किनारे ले गया और वहां अपने तीन अन्य साथियों को बुला लिया. इसके बाद चारों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए. किसी तरह युवती घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी.
रात में दर्ज हुआ मामला, दो घंटे में गिरफ्तारी
पीड़िता ने एक आरोपी की पहचान कर ली थी. उसी रात वह परिजनों के साथ थाने पहुंची और मामला दर्ज कराया. भरनो थाना प्रभारी कंचन प्रजापति और एसआई अभिनंदन कुमार ने तुरंत टीम गठित कर छापेमारी की. महज दो घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. सभी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस की अपील
थाना प्रभारी ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि शादी-विवाह या मेलों में जाने के दौरान युवतियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति चिंता का विषय है और समाज को भी सतर्क रहने की जरूरत है. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है.
