पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन का अचानक निधन, सदमे में परिवार

Spread the love

Ranchi: झारखंड के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनके 21 वर्षीय पोते वीर सोरेन का हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली में अचानक निधन हो गया. वीर सोरेन, बाबूलाल सोरेन के बड़े बेटे थे और अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए हिमाचल प्रदेश गए हुए थे.
मिली जानकारी के मुताबिक, वीर अपने दोस्तों के साथ कुल्लू-मनाली में स्कीइंग का आनंद लेने के बाद होटल लौटे थे. उस वक्त तक सब कुछ बिल्कुल सामान्य लग रहा था. किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में ऐसा दर्दनाक हादसा हो जाएगा. बताया जा रहा है कि होटल पहुंचने के कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. वे बेहोश हो गए, जिससे वहां मौजूद दोस्त घबरा गए. बिना समय गंवाए दोस्तों ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया.

अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी तत्काल जांच की, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. घटना की सूचना तुरंत चंपई सोरेन और उनके परिजनों को दे दी गई. इतनी कम उम्र में वीर सोरेन का यूं अचानक दुनिया छोड़ जाना सभी के लिए गहरा सदमा है. परिवार इस असमय हुए निधन से पूरी तरह टूट गया है. वहीं, शुभचिंतकों और समर्थकों में भी शोक की लहर दौड़ गई है.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top