चाईबासा सदर अस्पताल केस: नाबालिग बच्चों को HIV संक्रमित खून चढ़ाने पर हाईकोर्ट नाराज़, दोषियों पर FIR का फरमान
Chaibasa: चाईबासा के सदर अस्पताल में थैलेसीमिया से पीड़ित नाबालिग बच्चों को संक्रमित खून चढ़ाने के गंभीर मामले पर झारखंड हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है. बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने इस पूरे मामले में तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने का निर्देश दिया. मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति गौतम कुमार चौधरी की पीठ ने की.
शिकायतकर्ताओं को मिलेगी FIR की कॉपी
हाईकोर्ट ने यह भी साफ किया है कि दर्ज की गई एफआईआर की एक प्रति शिकायतकर्ताओं को अनिवार्य रूप से दी जाए. इसके साथ ही पुलिस को आदेश दिया गया है कि एफआईआर की कॉपी जवाबी हलफनामा के जरिए अदालत में भी प्रस्तुत की जाए.
साल 2025 की घटना, पांच बच्चे हुए थे संक्रमित
यह मामला साल 2025 का है, जब चाईबासा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान पांच नाबालिग थैलेसीमिया मरीजों को कथित तौर पर संक्रमित खून चढ़ा दिया गया था. इसके बाद इन बच्चों में HIV संक्रमण की पुष्टि हुई थी. हाईकोर्ट के ताजा आदेश के बाद अब इस मामले में पुलिस कार्रवाई तेज होने का रास्ता साफ हो गया है.

