अभी दो दिन और सताएगी ठंड, 1 डिग्री से नीचे पहुंचा गुमला का पारा, कई जिलों में येलो अलर्ट

Spread the love

Jharkhand Weather: झारखंड के मौसम को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. राज्य के कई जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. गुमला में ठंड ने सबसे ज्यादा असर दिखाया है, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 1 डिग्री से भी नीचे चला गया. गुरुवार को गुमला में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने झारखंड के 13 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, ठंड से बचाव के लिए रांची प्रशासन ने लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है.

रांची में टेंपरेचर 9 डिग्री

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा. इसके बाद खूंटी में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री और डाल्टनगंज में 3.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. बोकारो में तापमान 4.9 डिग्री और सिमडेगा में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. वहीं लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी रांची में अन्य जिलों की तुलना में तापमान थोड़ा अधिक रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सरायकेला में यह 6.1 डिग्री सेल्सियस रहा.

दो दिनों तक मौसम में नहीं होगा बदलाव

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि, इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, अगले दो दिन तक न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रहेगा, लेकिन इसके बाद इसमें करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है.

इस बीच, रांची प्रशासन ने ठंड को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है. रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मौजूदा मौसम में ठंड से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव बेहद जरूरी है. उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने और ठंड से खुद को सुरक्षित रखने की अपील की है.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top