iPhone यूजर्स के लिए खुशखबरी, Apple Music हुआ और स्मार्ट, टेक्स्ट लिखते ही बनेगी प्लेलिस्ट

3 Min Read
ios 26.4

म्यूजिक सुनने का तरीका तेजी से बदल रहा है. अब गाने खोजने के लिए कलाकार या एल्बम याद रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी. Apple ने iOS 26.4 डेवलपर बीटा में Apple Music के लिए एक नया फीचर जोड़ दिया है, जिसका नाम है Playlist Playground. यह टूल आपके छोटे से टेक्स्ट निर्देश के आधार पर खुद प्लेलिस्ट तैयार कर देता है. यानी आप सिर्फ लिखें “वर्कआउट के लिए जोशीले गाने” या “शाम की रिलैक्स म्यूजिक” और प्लेलिस्ट तैयार. यह फीचर फिलहाल बीटा वर्जन में है और जल्द ही पब्लिक टेस्टर्स तक पहुंचने की उम्मीद है.

कैसे काम करता है Playlist Playground?

Apple Music ऐप के लाइब्रेरी टैब में यह नया ऑप्शन दिखाई देता है. यहां यूजर अपनी पसंद का मूड या एक्टिविटी लिख सकता है. ऐप उसी के अनुसार गानों की लिस्ट तैयार कर देता है. वहीं, जो लोग खुद लिखना नहीं चाहते, उनके लिए ‘New Playlist Ideas’ के तहत तैयार सुझाव भी दिए गए हैं.

दिलचस्प बात यह है, कि यह फीचर उन iPhones पर भी काम करता दिख रहा है, जो Apple Intelligence को पूरी तरह सपोर्ट नहीं करते, यानी iPhone 15 सीरीज से पहले के मॉडल्स पर भी.

प्लेलिस्ट बन गई तो आगे क्या?

एक बार प्लेलिस्ट तैयार होने के बाद उसे सेव किया जा सकता है, गानों को सीरीज वाइज बदला जा सकता है और दोबारा टेक्स्ट लिखकर उसमें सुधार भी किया जा सकता है. अगर अपडेट के बाद यह फीचर तुरंत न दिखे तो हो सकता है Apple Intelligence के जरूरी मॉडल बैकग्राउंड में डाउनलोड हो रहे हों. इसकी स्थिति सेटिंग्स में Apple Intelligence और Siri सेक्शन में देखी जा सकती है.

AI से बदलेगा म्यूजिक सुनने का अंदाज

यह कदम म्यूजिक स्ट्रीमिंग में बढ़ती AI भूमिका की ओर इशारा करता है. Apple Music पहले से ही पर्सनलाइज्ड मिक्स और एडिटोरियल प्लेलिस्ट देता रहा है, लेकिन Playlist Playground अनुभव को और आसान बना देता है. अब यूजर मूड बताएगा और सिस्टम खुद गाने चुन लेगा.

दूसरी ओर, Spotify भी AI Playlist और AI DJ जैसे फीचर्स पर काम कर रहा है. भारत में JioSaavn और Gaana जैसे प्लेटफॉर्म फिलहाल मूड-बेस्ड प्लेलिस्ट और लोकल कंटेंट पर ज्यादा ध्यान देते हैं.

क्या बदलेगा यूजर्स का एक्सपीरियंस?

Playlist Playground क्यूरेशन को खत्म नहीं करता, बल्कि उसे आसान बनाता है. जिन लोगों को पता है कि उन्हें कैसा माहौल चाहिए, लेकिन कौन से गाने सुनें यह नहीं पता उनके लिए यह फीचर समय बचाने वाला साबित हो सकता है.

iOS 26.4 अभी डेवलपर्स के लिए उपलब्ध है. अगर यह फीचर व्यापक रूप से जारी होता है, तो प्लेलिस्ट बनाने का तरीका पूरी तरह बदल सकता है. ब्राउजिंग की जगह कुछ शब्द लिखिए और म्यूजिक तैयार.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *