LATEST NEWSRELIGION

सही और गलत के बीच जब उलझ जाए मन, तब क्या करें? सही निर्णय लेने के लिए पढ़िए प्रेमानंद जी महाराज की ये बातें

Spread the love

Premanand Ji Maharaj: जीवन में हर इंसान को कभी न कभी ऐसे फैसलों का सामना करना पड़ता है, जो उसके आने वाले समय को प्रभावित करता है. फैसला छोटा हो या बड़ा, मन में सही और गलत को लेकर दुविधा बनी रहती है. ऐसे में वृंदावन के प्रसिद्ध संत श्री हित प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज (प्रेमानंद महाराज) अपने प्रवचनों में बताते हैं कि कोई भी निर्णय लेने से पहले मन की स्थिति और भगवान से जुड़ाव सबसे अधिक जरूरी होता है. उनका कहना है कि सही फैसला वही होता है, जो भीतर से शांति दे और ईश्वर की इच्छा के अनुरूप हो. आइए जानते हैं उनके विचारों के अनुसार निर्णय से पहले सही और गलत की पहचान कैसे करें.

मन की शांति है सबसे बड़ा संकेत

प्रेमानंद महाराज जी के अनुसार मन ही सबसे बड़ा मार्गदर्शक है. जब आप किसी निर्णय पर विचार करते हैं, तो कुछ क्षण शांत होकर अपने मन की स्थिति को महसूस करें. यदि उस फैसले को सोचकर मन हल्का, शांत और स्थिर महसूस करता है, तो वह सही दिशा का संकेत है. वहीं अगर घबराहट, भय, बेचैनी या भारीपन हो, तो समझ लेना चाहिए कि उस निर्णय में कहीं न कहीं गलती हो सकती है. महाराज जी कहते हैं कि भगवान मन के माध्यम से ही संकेत देते हैं, इसलिए मन की आवाज को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.

भगवान से मार्गदर्शन लें, नाम जप करें

किसी भी बड़े फैसले से पहले भगवान को याद करना बेहद जरूरी है. प्रेमानंद महाराज जी बताते हैं कि ‘राधा राधा, हरे कृष्ण’ का नाम जप मन को शुद्ध करता है. जब भी कोई उलझन हो, तो 10 से 15 मिनट तक शांत मन से नाम जप करें. इससे भीतर की बेचैनी कम होती है और विचार स्पष्ट होने लगते हैं. नाम जप के बाद अगर मन सकारात्मक दिशा में जाए, तो वह फैसला सही माना जा सकता है.

सत्संग और सही सलाह का सहारा लें

महाराज जी यह भी कहते हैं कि अकेले मन से हर बार सही निर्णय लेना आसान नहीं होता. ऐसे में सत्संग सुनना या किसी सच्चे संत, गुरु या अनुभवी व्यक्ति से सलाह लेना लाभदायक होता है. सत्संग से मन की गांठें खुलती हैं और सोच साफ होती है. जब आप खुले मन से सलाह लेते हैं, तो भगवान स्वयं आपके लिए सही रास्ता दिखा देते हैं.

इरादे और कर्म की शुद्धता जांचें

प्रेमानंद महाराज जी का मानना है कि कोई भी फैसला तभी सही होता है, जब उसके पीछे का इरादा शुद्ध हो. यदि आपका निर्णय किसी को नुकसान पहुंचाता है, धोखा देता है या केवल स्वार्थ से भरा है, तो वह गलत है. सही निर्णय वही है, जिसमें किसी का अहित न हो और भावना निष्कपट हो. शुद्ध नीयत के साथ लिया गया फैसला कभी गलत परिणाम नहीं देता.

धैर्य रखें, जल्दबाजी से बचें

महाराज जी बार बार समझाते हैं कि जल्दबाजी में लिया गया निर्णय अक्सर पछतावे का कारण बनता है. अगर मन स्थिर नहीं है या स्थिति स्पष्ट नहीं लग रही, तो थोड़ा रुकना ही बेहतर है. धैर्य रखें, प्रार्थना करें और समय को अपना काम करने दें. सही समय आने पर सही निर्णय अपने आप सामने आ जाता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *