The Raja Saab Box Office Records: 9 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई द राजा साब ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हलचल मचा दी है. ओपनिंग डे पर प्रभास फैंस की भारी भीड़ देखने को मिली, लेकिन जैसे-जैसे दिन बढ़े, कमजोर कहानी और निगेटिव रिव्यू का असर इसकी कमाई पर साफ नजर आने लगा. इसके बावजूद, शुरुआती तीन दिनों में फिल्म ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं.
बॉक्स ऑफिस पर ‘द राजा साब’ का 3 दिन का खेल
फिल्म ने रिलीज से पहले ही अपने प्रीव्यू शोज से 9.15 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी. पहले दिन ‘द राजा साब’ ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 53.75 करोड़ रुपये बटोरें. हालांकि, दूसरे दिन कमाई में गिरावट आई और फिल्म 26 करोड़ रुपये तक सिमट गई. वहीं, तीसरे दिन यह आंकड़ा और नीचे फिसलते हुए 19.1 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. इन सभी आंकड़ों को जोड़ें तो फिल्म ने तीन दिनों में कुल 108 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है.
कमाई घटी, लेकिन रिकॉर्ड बने
भले ही वीकेंड पर फिल्म की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ गई हो, लेकिन रिकॉर्ड्स के मामले में ‘द राजा साब’ ने कोई कसर नहीं छोड़ी. फिल्म ने तीन दिनों में ही 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली है, जिससे प्रभास एक बार फिर इतिहास रचने में कामयाब रहे. प्रभास अब इकलौते ऐसे भारतीय अभिनेता बन गए हैं, जिनकी छह फिल्मों ने पहले दिन दुनियाभर में 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है. इस लिस्ट में पहले से शामिल हैं – बाहुबली 2: द कन्क्लूजन, साहो, आदिपुरुष, सालार: पार्ट 1 – सीजफायर और कल्कि 2898 एडी.
वहीं, ‘द राजा साब’ साल 2026 की पहली ऐसी फिल्म बन गई है, जिसने भारत और विदेशों में मिलाकर 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया है. फिल्म ने 108 करोड़ की ओपनिंग वीकेंड कमाई के साथ धुरंधर के 106 करोड़ के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है. सिर्फ तीन दिनों में 100 करोड़ क्लब में शामिल होकर इसने ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर स्टारर ‘वॉर 2’ का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जिसने यह आंकड़ा चार दिनों में छुआ था. कुल 158 करोड़ रुपये की कमाई के साथ ‘द राजा साब’ ने हाल ही में रिलीज हुई कई बड़ी तेलुगु फिल्मों को पछाड़ दिया है, जिनमें बालकृष्ण की ‘अखंडा 2’ (128 करोड़+) भी शामिल है.
कहानी और रिव्यू भले ही फिल्म के पक्ष में न हों, लेकिन प्रभास की स्टार पावर एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर असर दिखाती नजर आई है. आने वाले दिनों में देखना दिलचस्प होगा कि ‘द राजा साब’ अपनी पकड़ दोबारा मजबूत कर पाती है या नहीं.
