रांची में स्थगित हुई श्री श्याम निशान ध्वजा यात्रा, चुनाव के चलते बदला कार्यक्रम
Ranchi : श्याम भक्तों के लिए एक अहम सूचना सामने आई है. रांची नगर निगम चुनाव को लेकर शहर में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है. इसी के चलते प्रशासन ने इस वर्ष प्रस्तावित 17 किलोमीटर लंबी श्री श्याम ध्वजा यात्रा को अनुमति देने से इनकार कर दिया है. इस फैसले के बाद श्री श्याम ध्वजा पद यात्रा समिति को इस अनुपम ध्वजा यात्रा को इस वर्ष के लिए स्थगित करने का निर्णय लेना पड़ा है. समिति ने इस स्थिति पर गहरा खेद जताते हुए सभी श्याम भक्तों से क्षमा प्रार्थना की है.
समिति की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन श्रद्धालुओं ने ध्वजा यात्रा के कार्ड जहां से भी प्राप्त किए हैं, वे वहीं कार्ड जमा कराकर अपनी जमा की गई राशि वापस ले सकते हैं. श्याम भक्तों में इस खबर से निराशा जरूर है, लेकिन समिति ने सभी से संयम बनाए रखने और प्रशासनिक नियमों का सम्मान करने की अपील की है. समिति का कहना है कि भविष्य में अनुकूल समय आने पर यात्रा को पुनः पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ आयोजित किया जाएगा.

