Ranchi: राजधानी रांची से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दो अधिकारियों पर पूछताछ के दौरान मारपीट करने का आरोप लगा है. आरोप लगाने वाले व्यक्ति ने इस संबंध में एयरपोर्ट थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
निपाह वायरस: पश्चिम बंगाल में मिले दो संदिग्ध, अलर्ट मोड पर झारखंड, जानें कैसा फैलता है संक्रमण
सूत्रों के मुताबिक, शिकायतकर्ता का कहना है कि ईडी अधिकारियों ने पूछताछ के दौरान उसके साथ मारपीट की और उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया. हालांकि, इस मामले में अब तक ईडी अधिकारियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पुलिस ने भी फिलहाल इस शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की है.
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायत करने वाला व्यक्ति खुद ईडी की जांच के दायरे में है. उसे पूछताछ के लिए रांची के हिनू इलाके में स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय बुलाया गया था. आरोप है कि पूछताछ के दौरान ईडी अधिकारी अचानक उग्र हो गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.
शिकायतकर्ता का दावा है कि इस कथित मारपीट में उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. पूछताछ खत्म होने के बाद वह सीधे ईडी कार्यालय से एयरपोर्ट थाना पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है.

