JHARKHANDLATEST NEWSRANCHI

School Holiday- झारखंड में ठंड का कहर! 5 और 6 जनवरी को स्कूल बंद

Spread the love

School Holiday: भीषण ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने 5 और 6 जनवरी को सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है. आदेश के मुताबिक, सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में केजी से लेकर 12वीं तक की कक्षाएं स्थगित रहेंगी. प्रशासन ने साफ कहा है कि बच्चों की सेहत को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.

सरकारी स्कूलों में शीतकालीन अवकाश पहले से ही 5 जनवरी तक घोषित था, जिसे अब एक दिन और बढ़ा दिया गया है. हालांकि, 6 जनवरी को सरकारी स्कूल शिक्षकों के लिए खुले रहेंगे. इस दिन शिक्षक विद्यालय पहुंचकर इ-विद्या वाहन (ईवीवी) पर अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे और गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे.

प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है. साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि अगर इस अवधि में किसी स्कूल में परीक्षा निर्धारित है, तो स्कूल अपने विवेक से परीक्षा का संचालन कर सकते हैं. वहीं, 10वीं और 12वीं की कक्षाओं का संचालन स्कूल अपनी सुविधा अनुसार कर सकते हैं.

रांची जिला येलो जोन में, तापमान में तेज गिरावट

रांची जिले को येलो जोन की श्रेणी में रखा गया है. मौसम केंद्र के अनुसार, रविवार को राजधानी के तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई.

रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा.

वहीं, जमशेदपुर में तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस गिरा. यहां अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया.

चाईबासा में स्थिति और भी सख्त रही, जहां अधिकतम तापमान सामान्य की तुलना में करीब 6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया.

हजारीबाग में भी 5–6 जनवरी तक स्कूल बंद

हजारीबाग जिले में भी अत्यधिक ठंड और शीतलहरी को देखते हुए सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में प्रारंभिक से 12वीं तक की कक्षाएं 5 और 6 जनवरी तक स्थगित कर दी गई हैं.

हालांकि, यदि किसी स्कूल में 10वीं या 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षा पहले से तय है, तो ऐसी स्थिति में परीक्षा सुबह 10 बजे के बाद कराई जाएगी.

यह निर्देश जिले के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने 4 जनवरी की देर शाम जारी किया है. आदेश में मौसम विभाग का हवाला देते हुए कहा गया है कि निर्देशों का पालन नहीं करने वाले स्कूल प्रबंधन को दोषी माना जाएगा. डीसी ने स्पष्ट किया कि छात्रों की सेहत और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *