अगर आप बजट में काम चलाऊ स्मार्टफोन चाहते हैं, तो फिर Realme P4 Lite 4G आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है. Realme ने P4 सीरीज को आगे बढ़ाते हुए नया Realme P4 Lite 4G भारतीय बाजार में आज लॉन्च कर दिया है. पिछले महीने Realme P4 Power के आने के बाद यह लाइनअप का पांचवां स्मार्टफोन है. बजट सेगमेंट को ध्यान में रखकर उतारा गया यह फोन बड़ी बैटरी, स्टाइलिश डिजाइन और AI फीचर्स के साथ 9,999 रुपये की शुरुआती कीमत में उपलब्ध होगा. इसकी बिक्री 24 फरवरी से Flipkart, Realme की आधिकारिक वेबसाइट और रिटेल स्टोर्स पर शुरू होगी.
कीमत, ऑफर्स और कलर ऑप्शन
Realme P4 Lite 4G दो स्टोरेज वेरिएंट 4GB+64GB और 4GB+128GB में लॉन्च हुआ है, जिसकी कीमत 9,999 रुपये और 11,999 रुपये है. पहली सेल के दौरान ग्राहकों को 1,000 रुपये का इंस्टेंट कूपन डिस्काउंट और चुनिंदा बैंक कार्ड से अतिरिक्त 1,000 रुपये की छूट मिलेगी. यह स्मार्टफोन Sea Blue, Beach Gold और Obsidian Black रंगों में उपलब्ध होगा. इसके बैक पैनल पर वेव-पैटर्न डिजाइन और सर्कुलर RGB Pulse Light दी गई है, जो इसे अलग लुक देती है.
डिस्प्ले और ऑडियो फीचर्स
फोन में 6.74 इंच का LCD डिस्प्ले दिया गया है, जो 90Hz रिफ्रेश रेट और 563 निट्स ब्राइटनेस सपोर्ट करता है. Realme ने इसमें ‘Smart Touch’ फीचर भी जोड़ा है, जिससे स्क्रीन गीले हाथों या दस्ताने पहनकर भी रिस्पॉन्सिव रहती है.
हालांकि, इसमें सिंगल स्पीकर है, लेकिन कंपनी का दावा है कि वॉल्यूम 300% तक बढ़ाया जा सकता है. कॉलिंग के दौरान AI Call Noise Reduction 2.0 के जरिए 86% तक बाहरी शोर कम किया जाता है.
प्रोसेसर और परफॉर्मेंस
फोन में Unisoc T7250 प्रोसेसर दिया गया है, जो एंट्री-लेवल परफॉर्मेंस के लिए जाना जाता है. कंपनी के अनुसार, यह चिपसेट AnTuTu (v10) पर करीब 2,80,000 का स्कोर हासिल कर सकता है.
रोजाना इस्तेमाल जैसे कॉलिंग, वीडियो स्ट्रीमिंग, सोशल मीडिया और ब्राउजिंग के लिए यह काफी है. खास बात यह है कि बजट फोन होने के बावजूद इसमें Realme का GT Mode भी दिया गया है, जिससे गेमिंग परफॉर्मेंस बेहतर होती है. कंपनी का दावा है कि यह फोन Mobile Legends: Bang Bang और Honor of Kings जैसे गेम्स को 60FPS पर दो घंटे तक चला सकता है. Android 15 आधारित Realme UI के साथ Circle to Search और AI Boost जैसे फीचर्स भी मिलते हैं.
6300mAh बैटरी और रिवर्स चार्जिंग
Realme P4 Lite 4G की सबसे बड़ी खासियत इसकी 6,300mAh की बैटरी है, जो इस सेगमेंट में बड़ी मानी जा रही है. इसमें 15W चार्जर मिलेगा, जो एक घंटे में 0 से 58% तक चार्ज कर सकता है. साथ ही 6W रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट भी मिलेगा. इतनी बड़ी बैटरी के बावजूद फोन का वजन 201 ग्राम है और मोटाई 7.94mm रखी गई है, जिससे यह हाथ में ज्यादा भारी महसूस नहीं होता.
कैमरा और AI फीचर्स
फोटोग्राफी के लिए इसमें 13MP का रियर कैमरा और 5MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है. इसके अलावा, AI Eraser, AI Clear Face और AI Image Matting जैसे AI फीचर्स भी शामिल किए गए हैं.
