रांची SSP का बड़ा एक्शन: 5 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड, जानिये क्या है पूरा मामला
Ranchi: रांची में पुलिस महकमे से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है. एसएसपी राकेश रंजन ने जुआ के अवैध धंधे में मदद करने और प्रतिबंधित नशीले पदार्थ ब्राउन शुगर की बिक्री को संरक्षण देने के आरोप में पांच पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही सभी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने का आदेश भी दिया गया है.
बता दें कि यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए दो अलग-अलग वीडियो के बाद की गई है. पहले वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी जुआ खेलने के बदले कथित तौर पर पैसे लेते हुए नजर आ रहे हैं. वहीं दूसरे वीडियो में एक महिला ने टाइगर मोबाइल में तैनात जवानों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का कहना है कि ब्राउन शुगर की बिक्री को लेकर पुलिसकर्मी उनसे अवैध वसूली करते थे. आरोपों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने पूरे मामले का संज्ञान लिया और तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. निलंबित किए गए सभी पुलिसकर्मी मुख्य रूप से टाइगर मोबाइल और पीसीआर वैन में तैनात थे. एसएसपी राकेश रंजन ने साफ कहा है कि निलंबन के साथ-साथ विभागीय जांच भी पूरी गंभीरता से की जाएगी. अगर आरोप सही पाए गए तो दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी.

