रांचीवासियों कल यानी 20 फरवरी को सुबह 10 बजे तक घर के काम निपटा लें. क्योंकि, कल रांची के कई इलाकों में घंटों-घंटों बिजली गुल रहने वाली है. जी हां, किसी-किसी इलाके में 2 घंटे तो किसी इलाके में पूरे 6 घंटे तक बिजली नहीं रहेगी.
दरअसल, बिजली विभाग की ओर से यह कदम केबल स्ट्रिंगिंग और RDSS (Revamped Distribution Sector Scheme) के तहत चल रहे कार्यों को पूरा करने के लिए उठाया जा रहा है. विभाग ने पहले ही लोगों को इसकी जानकारी दे दी है.
हरमू में 2 घंटे रहेगी बिजली सप्लाई बंद
विद्युत आपूर्ति प्रमंडल सेंट्रल के तहत हरमू अवर प्रमंडल स्थित हरमू PSS के हरमू न्यू फीडर से जुड़े इलाकों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली बंद रहेगी.
पटेल चौक में केबल स्ट्रिंगिंग का काम किया जाएगा. इसका असर पटेल चौक, चेतन टोली, बाली बगैचा, शिवदयाल नगर (हरमू) और आसपास के क्षेत्रों पर पड़ेगा.
न्यू मोराबादी और कोकर में 6 घंटे तक रहेगी बिजली गुल
RMCH अवर प्रमंडल के तहत 11 केवी न्यू मोराबादी फीडर में एलटी के नंगे तार को कवर केबल में बदला जाएगा. इस कारण रविंदर नगर फेस-2, दुर्गावती चौक, आर.सी. मिश्रा गली और बोड़िया रोड इलाके में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी.
वहीं, कोकर अवर प्रमंडल में भी RDSS योजना के तहत काम किया जाएगा. हैदर अली रोड, खटाल के आसपास, आनंद नगर, लोवाडीह, सिस्टर बंगला, मिलन चौक (चुटिया), गणपत नगर (चुटिया), अंबेडकर नगर, अमेठिया नगर, तेतरी टोली और नामकुम क्षेत्र में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी.
विभाग की अपील
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है. विभाग का कहना है कि तय समय के अंदर काम पूरा कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.
