JHARKHANDLATEST NEWSRANCHI

झारखंड निकाय चुनाव की तारीखों का हो गया ऐलान, 29 जनवरी से शुरू होगा नामांकन, इस दिन होगी वोटिंग

Spread the love

Jharkhand Municipal Elections: झारखंड में निकाय चुनावों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है. राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने मंगलवार, 27 जनवरी 2026 को प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए चुनाव कार्यक्रम जारी किया. निर्वाचन आयोग के अनुसार, राज्य में 23 फरवरी 2026 को मतदान कराया जाएगा, जबकि 27 फरवरी 2026 को मतगणना होगी.

आयोग ने साफ किया है कि नामांकन से लेकर मतगणना तक की सभी अहम तारीखें तय कर दी गई हैं. यह पूरा चुनाव कार्यक्रम जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर निगम) के माध्यम से लागू किया जाएगा.

कब जारी होगी चुनाव अधिसूचना?

चुनाव प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत 28 जनवरी 2026 (बुधवार) से होगी. इसी दिन सुबह 11 बजे प्रपत्र-5 में निर्वाचन की सूचना प्रकाशित की जाएगी. इसके साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो जाएगी.

29 जनवरी से शुरू होगा नामांकन

निर्वाचन आयोग के अनुसार, नगर निगम चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार 29 जनवरी 2026 से 4 फरवरी 2026 तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे. नामांकन का समय रोजाना सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक तय किया गया है.

दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) 5 फरवरी 2026 को होगी. इसके बाद उम्मीदवार 6 फरवरी 2026 को अपना नाम वापस ले सकेंगे. वहीं, 7 फरवरी 2026 को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा, जिससे चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी.

मतदान और मतगणना की तारीख

राज्य निर्वाचन आयुक्त के मुताबिक, 23 फरवरी 2026 (सोमवार) को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा. इसके बाद 27 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी.

राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों और मतदाताओं से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया में पूरा सहयोग करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *