JHARKHANDLATEST NEWS

Jharkhand Board Exam 2026 : JAC की मैट्रिक-इंटर परीक्षा आज से, 7.58 लाख छात्र होंगे शामिल, फर्जी प्रश्नपत्र पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

Spread the love

Jharkhand Board Exam 2026 : JAC की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा मंगलवार यानी आज से शुरू हो गई है. मैट्रिक की परीक्षा 17 फरवरी तक चलेगी, जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षा 23 फरवरी तक आयोजित की जाएगी. परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जैक ने राज्य के नागरिकों, अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील की है.

परिषद ने साफ किया है कि परीक्षा के दौरान नकल, अफवाह फैलाने, फर्जी प्रश्नपत्र तैयार करने या किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस वर्ष राज्यभर से कुल 7,58,182 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. इनमें 4,23,861 छात्र-छात्राएं मैट्रिक और 3,34,321 इंटरमीडिएट परीक्षा दे रहे हैं.

इस बार इंटरमीडिएट परीक्षा में कला संकाय का दबदबा देखने को मिल रहा है. कुल इंटर परीक्षार्थियों में 63 प्रतिशत से अधिक छात्र कला संकाय से हैं. वहीं, रांची जिले से मैट्रिक के 32,723 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनके लिए 87 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. साथ ही इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 3,24,321 परीक्षार्थी भाग ले रहे हैं.

पहली पाली में मैट्रिक, दूसरी पाली में इंटर की परीक्षा

जैक द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पहली पाली में मैट्रिक और दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा होगी. परीक्षा के पहले दिन मंगलवार को मैट्रिक में आईआईटी और वोकेशनल विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जबकि इंटरमीडिएट में तीनों संकायों के लिए केवल वोकेशनल विषयों की परीक्षा होगी. परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने और मानसिक दबाव से उबरने के लिए अतिरिक्त 15 मिनट का समय भी दिया जाएगा.

फर्जी प्रश्नपत्र वायरल करने वालों को कड़ी चेतावनी

जैक ने चेताया है कि कुछ असामाजिक तत्व यूट्यूब, टेलीग्राम, व्हाट्सऐप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुराने या फर्जी प्रश्नपत्रों को असली बताकर वायरल करते हैं. इसे परीक्षा की निष्पक्षता के लिए गंभीर खतरा बताया गया है. परिषद ने कहा है कि फर्जी प्रश्नपत्र बनाना, उन्हें साझा करना या अफवाह फैलाना अपराध है.

ऐसे मामलों में दोषियों पर आईटी एक्ट 2000 और भारतीय दंड संहिता के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. दोषी पाए जाने पर सोशल मीडिया चैनल या ग्रुप बंद कराए जाएंगे और संबंधित लोगों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे. जैक ने आम लोगों से अपील की है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास शांत माहौल बनाए रखें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें और केवल परिषद की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें. परीक्षार्थियों की सहायता के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *