Break On Gold-Silver Crash: बीते कुछ दिनों से सोना और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही थी, लेकिन मंगलवार को इस ट्रेंड पर अचानक ब्रेक लग गया. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर वायदा कारोबार शुरू होते ही सोना-चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला. खासकर चांदी ने तो खुलते ही निवेशकों को चौंका दिया और एक झटके में 21,000 रुपये से ज्यादा महंगी हो गई. वहीं सोने की कीमत भी 5,000 रुपये से अधिक चढ़ गई.
चांदी की कीमतों में फिर जोरदार उछाल
सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को MCX पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी के वायदा भाव में तगड़ी तेजी दर्ज की गई. 1 किलो चांदी की कीमत अपने पिछले बंद भाव से 21,000 रुपये से ज्यादा उछल गई. सोमवार को MCX पर चांदी का भाव 2,36,261 रुपये प्रति किलो था, जो मंगलवार को कारोबार शुरू होते ही बढ़कर 2,57,480 रुपये प्रति किलो पहुंच गया.
तेजी के बाद भी अपने रिकॉर्ड हाई से काफी सस्ती चांदी
मंगलवार को आई इस तेज उछाल के बावजूद चांदी अभी भी अपने लाइफटाइम हाई से काफी नीचे बनी हुई है. गौरतलब है कि 29 जनवरी को MCX पर चांदी ने इतिहास रचते हुए पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का आंकड़ा पार किया था और 4,30,048 रुपये प्रति किलो के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थी. मौजूदा भाव की बात करें तो चांदी अभी भी अपने इस रिकॉर्ड स्तर से 1,62,568 रुपये सस्ती मिल रही है.
सोने की कीमत में भी आई तगड़ी तेजी
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला. MCX पर सोने का भाव सोमवार के बंद स्तर 1,43,991 रुपये प्रति 10 ग्राम से बढ़कर मंगलवार को शुरुआती कारोबार में ही 1,49,485 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया. यानी 24 कैरेट सोना एक ही झटके में 5,494 रुपये महंगा हो गया.
अगर सोने के लाइफटाइम हाई से तुलना करें तो मौजूदा भाव अभी भी काफी नीचे है. MCX पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाले सोने ने 29 जनवरी को 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड उच्च स्तर छुआ था. इसके बाद चांदी की तरह सोने की कीमतों में भी लगातार गिरावट देखने को मिली थी. मंगलवार को आई तेजी के बाद भी सोना अपने रिकॉर्ड हाई से अभी 43,611 रुपये सस्ता मिल रहा है.
