Gold Silver Rate: चांदी का बुलबुला फूटा! हाई से 1.80 लाख लुढ़की सिल्वर, सोना भी औंधे मुंह गिरा

3 Min Read

Gold Silver Rate: सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. हर दिन ये कीमती धातुएं और सस्ती होती जा रही हैं. सोमवार को आई बड़ी गिरावट के बाद मंगलवार को भी चांदी के दाम धड़ाम हो गए. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर बाजार खुलते ही चांदी की कीमत में 4600 रुपये से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. सोना भी इस गिरावट से अछूता नहीं रहा. अगर हाई लेवल से तुलना करें तो चांदी अब तक 1.80 लाख रुपये से ज्यादा सस्ती हो चुकी है, जबकि सोना 38,000 रुपये से ज्यादा टूट चुका है.

क्या सच में फूट गया चांदी का बुलबुला?

चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट को देखकर सवाल उठ रहा है कि क्या चांदी का बुलबुला फूट चुका है? 29 जनवरी को चांदी की कीमत पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंची थी. उस दिन चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलो का लाइफ टाइम हाई बनाया था. लेकिन इसके बाद जो गिरावट शुरू हुई, वो अब तक जारी है. इस रिकॉर्ड स्तर से चांदी अब तक 1,80,157 रुपये प्रति किलो सस्ती हो चुकी है.

मंगलवार को खुलते ही धड़ाम हुई चांदी

सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को भी चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट देखने को मिली. सोमवार को 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी 2,39,891 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी. लेकिन मंगलवार को बाजार खुलते ही ये गिरकर 2,35,206 रुपये प्रति किलो पर आ गई. यानी खुलते ही 1 किलो चांदी की कीमत में 4,685 रुपये की गिरावट दर्ज की गई.

सोने का भी वही हाल

चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी दबाव बना हुआ है. हालांकि बीच-बीच में हल्की तेजी देखने को मिली, लेकिन कुल मिलाकर रुख गिरावट का ही है. मंगलवार को 2 अप्रैल एक्सपायरी वाले सोने का वायदा भाव अपने पिछले बंद 1,54,760 रुपये से गिरकर 1,53,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. इस तरह MCX पर सोने की कीमत में 1,210 रुपये की गिरावट दर्ज की गई.

अपने हाई से कितना टूटा सोना?

29 जनवरी को ही सोने ने भी चांदी के साथ कदम मिलाते हुए अपना ऑल टाइम हाई बनाया था. 24 कैरेट 10 ग्राम सोने की कीमत उस दिन 1,93,096 रुपये के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थी. लेकिन इसके बाद सोने में भी लगातार गिरावट का दौर शुरू हो गया. अब सोना अपने इस हाई लेवल से 38,336 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है. फिलहाल सोना-चांदी की कीमतों में जारी गिरावट ने निवेशकों को सोचने पर मजबूर कर दिया है. आने वाले दिनों में बाजार किस दिशा में जाएगा, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *