झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ली है. सोमवार रात कई जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात की घटनाओं के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. IMD के रांची केंद्र के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है. हालांकि इसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी का रुख रहेगा.
सुबह कुहासा, दिन में साफ रहेगा आसमान
मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार से सुबह के समय हल्का से मध्यम कुहासा छाया रह सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित होने की संभावना है. दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा. फिलहाल बारिश होने के संकेत नहीं हैं.
बारिश से लौटी ठंड
सोमवार रात हुई बारिश का असर कई जिलों में महसूस किया गया. पूर्वी सिंहभूम के धालभूमगढ़ में 28.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि कांके में 19.1 मिमी और रांची शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई. मंगलवार शाम दुमका, गोड्डा, गुमला, खूंटी और सिमडेगा में भी मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हुई. इस वर्षा के कारण रात के तापमान में अस्थायी गिरावट आई है.
कहां कितना रहा तापमान?
राज्य में अधिकतम तापमान पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रहा. रांची का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री और न्यूनतम 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मेदिनीनगर में अधिकतम 30.4 डिग्री और न्यूनतम 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. यह उतार-चढ़ाव पश्चिमी विक्षोभ और हल्की वर्षा का परिणाम माना जा रहा है.
अगले पांच दिनों का पूर्वानुमान
उत्तर-पूर्वी जिले: देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान 14 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. 24 और 25 फरवरी को हल्की गिरावट के बाद 27-28 फरवरी तक तापमान में वृद्धि होगी.
उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र: कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. अधिकतम तापमान 29 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. 26 फरवरी के बाद हल्की बढ़ोतरी संभव है.
मध्य क्षेत्र: बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला में अधिकतम तापमान 28 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. गुमला में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक गिर सकता है.
दक्षिणी जिले: पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान 13 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. फरवरी के अंत तक यहां गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा.
क्या रखें ध्यान?
तापमान में गिरावट और सुबह के कुहासे को देखते हुए लोगों को खासकर सुबह के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मौसम का यह उतार-चढ़ाव खेती, परिवहन और दैनिक गतिविधियों पर असर डाल सकता है. फिलहाल बारिश की बड़ी संभावना नहीं है, लेकिन तापमान में हल्का बदलाव अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है.
