पलामू एसपी रीष्मा रमेशन के नाम पर बना फर्जी WhatsApp, पुलिस ने जारी किया अलर्ट

3 Min Read
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन के नाम पर बना फर्जी WhatsApp

Palamu: पलामू जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन के नाम और पद का इस्तेमाल कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बना लिया है. इस अकाउंट के जरिए लोगों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है. मामला सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया.

फर्जी नंबर से लोगों को किया जा रहा मैसेज

सोमवार दोपहर एसपी को जानकारी मिली कि 7061147269 नंबर से उनके नाम और पद का उपयोग कर व्हाट्सएप मैसेज भेजे जा रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत अलर्ट जारी कर दिया.
एसपी ने साफ तौर पर कहा है कि यह नंबर उनका नहीं है और इस नंबर से आने वाले किसी भी मैसेज पर भरोसा न किया जाए. आशंका जताई जा रही है कि आरोपी इस फर्जी अकाउंट के जरिए लोगों को झांसे में लेकर फायदा उठाने या ठगी करने की फिराक में हो सकता है. हालांकि अब तक किसी तरह के आर्थिक नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

पुलिस मुख्यालय को दी गई सूचना

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने इसकी जानकारी झारखंड पुलिस मुख्यालय, उपायुक्त, डीआईजी पलामू और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ सिविल प्रशासन को भी दे दी है पूरे जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की ठगी को रोका जा सके.

लोगों से अपील: सतर्क रहें, तुरंत दें सूचना

एसपी ने आम लोगों से अपील की है कि अगर इस नंबर से कोई कॉल या मैसेज आए तो तुरंत नजदीकी थाने को जानकारी दें. किसी भी तरह के लालच, पैसों की मांग या निजी जानकारी साझा करने से बचें.
पुलिस का कहना है कि आजकल साइबर अपराधी अक्सर अधिकारियों और प्रतिष्ठित लोगों के नाम का दुरुपयोग कर लोगों को फंसाने की कोशिश करते हैं. ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है.

साइबर जांच शुरू, आरोपी की तलाश तेज

पुलिस ने फर्जी अकाउंट बनाने वाले की पहचान के लिए साइबर जांच शुरू कर दी है. तकनीकी टीम नंबर की लोकेशन और उससे जुड़े अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *