BIG BREAKING: झारखंड में बड़ा विमान हादसा, रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस चतरा में हुआ क्रैश, 7 लोग थे सवार

Spread the love

Chatra : बड़ी खबर झारखंड के चतरा जिले से सामने आ रही है. जहां सोमवार की रात एक बड़ा विमान हादसा हो गया.  चतरा जिले के सिमरिया क्षेत्र में रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक विमान में कुल सात लोग सवार थे.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को खबर दी. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. रात का समय होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आईं, लेकिन अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं.

बताया जा रहा है कि यह एयर एंबुलेंस रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी. उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से सिमरिया के पास विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हालांकि हादसे के सही कारणों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है.

हादसे के बाद आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और आम लोगों से घटनास्थल के पास नहीं जाने की अपील की है.

जानकारी के अनुसार विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर VTAJV था. यह Beechcraft King Air BE9L श्रेणी का विमान था, जिसका संचालन Redbird Airways Pvt. Ltd. द्वारा किया जा रहा था. यह एक मेडिकल फ्लाइट थी, जिसमें एक मरीज को इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था.

विमान में कुल सात लोग सवार थे . एक मरीज, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक, दो अटेंडेंट, एक पायलट (PIC) और एक सह-पायलट. विमान ने रांची से 13:37 UTC (भारतीय समयानुसार 19:07 बजे) उड़ान भरी थी और दिल्ली पहुंचने का अनुमानित समय 16:30 UTC (22:00 बजे IST) था.

फिलहाल सभी यात्रियों की स्थिति को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है. प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा किया जाएगा.

Whatsapp

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top