Jharkhand News: झारखंड के दुमका में मां और बेटी की हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. वहीं, पुलिस को शक है कि महिला द्वारा दुष्कर्म के प्रयास का विरोध किए जाने के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया होगा.
सदर इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे दिया घटना को अंजाम
जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार शाम की है. 35 वर्षीय महिला अपनी पांच वर्षीय बेटी के साथ वीर कुंवर सिंह चौक के पास मौजूद थी. सदर के एसडीपीओ विजय कुमार महतो ने बताया कि इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और कथित तौर पर दोनों को पास स्थित सदर इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे ले गया.
पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया. विरोध करने पर उसने महिला की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई. वहीं बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को आशंका थी कि बच्ची ने घटना देख ली है, जिससे उसकी पहचान उजागर हो सकती है. इसी डर से उसने गमछे से बच्ची का गला घोंट दिया.
पोस्टमार्टम के लिए शवों को भेजा गया दुमका मेडिकल कॉलेज
बुधवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त मिले, जबकि बच्ची की नाक से खून बह रहा था. स्थानीय लोगों के मुताबिक महिला अपनी बेटी के साथ शहर में भीख मांगकर गुजर-बसर करती थी. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया.
आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया, जबकि घटना मंगलवार रात की है और शव बुधवार को बरामद हुए थे. पुलिस ने आरोपी के पास से 5000 रुपये भी बरामद किए हैं, जो कथित तौर पर महिला के पर्स से चुराए गए थे.
इस मामले में सदर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने आरोपी की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की. इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे हुए इस दोहरे हत्याकांड ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
