क्यूं भई आ गया स्वाद! पहले दंबगई दिखाई-फायरिंग कर बनाए रील, जब पुलिस ने पकड़ा तो निकल गई सारी हेकड़ी, कान पकड़कर मांगी माफी
Inlive247 Desk: इन दिनों सोशल मीडिया पर पिस्टल और गन के साथ रील बनाने का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है. लेकिन ऐसे वीडियो वायरल होते ही पुलिस भी एक्शन मोड में आ जाती है. रायगढ़ के बाद अब दुर्ग से भी ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां तीन युवकों का बीच सड़क फायरिंग करते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में तीन युवक कार से उतरते हैं और सड़क के बीच खड़े होकर पिस्टल से फायरिंग करते नजर आते हैं. रील वायरल होते ही दुर्ग पुलिस ने तुरंत मामला संज्ञान में लिया और तीनों को पकड़कर थाने ले आई. उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.
जानिए क्या है पूरा मामला
पूरा मामला छत्तीसगढ़ के मोहन नगर थाना क्षेत्र की है. दुर्ग के तीन युवक कार से सुमित बाजार के पास स्टेशन रोड पहुंचे. वहां कार से उतरकर एक युवक ने अपने पास रखी पिस्टल निकाली और बीच सड़क खड़े होकर फायरिंग की, जबकि बाकी युवक उसका वीडियो बनाते रहे. जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, एसएसपी विजय अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लिया और मोहन नगर थाना पुलिस को जांच कर आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए. पुलिस ने वीडियो और इंस्टाग्राम आईडी के आधार पर तीनों की पहचान की और उन्हें उनके घर से गिरफ्तार कर लिया. थाने में तीनों युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कान पकड़कर माफी भी मांगी.पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जिस पिस्टल से फायरिंग की गई, वह नकली थी. इसके बावजूद पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 170, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है.
गिरफ्तार आरोपी
जयदीप कांडा (36 वर्ष), निवासी संतरा बाड़ी, तरुण टॉकीज के पास, थाना मोहन नगर, दुर्ग
गगनप्रीत सिंह (37 वर्ष), निवासी सुमित बाजार के बाजू वाली गली, पोलसाय पारा, थाना मोहन नगर, दुर्ग
पवनदीप सिंह (32 वर्ष), निवासी गुरु नानक नगर, चीखली, दुर्ग
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियार या नकली हथियार का प्रदर्शन कर डर और दहशत का माहौल न बनाएं. इस तरह के कृत्य कानूनन अपराध हैं. पुलिस ने यह भी कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

