Ramgarh: रामगढ़ जिले के चूटूपालू घाटी में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. रांची से रामगढ़ की ओर जा रहा एक कंटेनर अचानक ब्रेक फेल होने के कारण आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. हादसे के तुरंत बाद कंटेनर में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं.
केबिन में फंसे चालक की मौके पर ही मौत
आग लगने के कारण कंटेनर चालक केबिन में ही फंस गए. बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और झुलसने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी.
ट्रैफिक रहा प्रभावित
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हादसे की वजह से कुछ समय के लिए ट्रैफिक भी प्रभावित रहा. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
