बिहार बोर्ड एग्जाम: सेंटर का गेट हुआ बंद तो छात्राओं ने दीवार फांदी, कोई हथकड़ी में ही पहुंचा परीक्षा देने, वायरल हुए चौंकाने वाले वीडियो
Desk: बिहार में 12वीं बोर्ड की परीक्षा शुरू होते ही सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो वायरल होने लगे हैं, जिन्हें देखकर किसी का भी होश उड़ जाए. खासकर उन परीक्षा केंद्रों से ये वीडियो ज्यादा सामने आ रहे हैं, जहां समय की पाबंदी के कारण परीक्षार्थियों को एग्जाम हॉल में प्रवेश ही नहीं दिया गया. इसके बाद कई छात्र-छात्राओं ने परीक्षा देने के लिए ऐसे तरीके अपनाए, जो देखने में बेहद असामान्य और जोखिम भरे लगे.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कई वीडियो इंटरमीडिएट परीक्षा से जुड़े बताए जा रहे हैं. इनमें कहीं छात्र-छात्राएं दीवार फांदते दिख रहे हैं, तो कहीं वे अधिकारियों को घेरकर “करियर बर्बाद होने” की गुहार लगा रहे हैं. कुछ जगहों पर परीक्षा केंद्र के बाहर छात्रों और अफसरों के बीच तीखी बहस भी देखी गई. वहीं, कुछ वीडियो में पुलिस या सुरक्षा बल की मौजूदगी में लाठीचार्ज की भी तस्वीरें सामने आई हैं. इतना ही नहीं, कुछ वीडियो में हाथों में हथकड़ी बंधे छात्र-छात्राएं भी परीक्षा देने पहुंचते दिख रहे हैं, जो परीक्षा के दौरान बढ़ते तनाव और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हैं.
इसी बीच बिहार के एक सेंटर से ऐसा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक छात्रा दीवार फांदकर अंदर जाती दिखाई दे रही है. दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो इस साल की इंटरमीडिएट परीक्षा का है और इसे हिलसा स्थित एक परीक्षा केंद्र का बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि यहां सेंटर का गेट बंद कर दिया गया था, जिसके बाद छात्रा ने दीवार फांदकर अंदर जाने की कोशिश की.
परीक्षा के दौरान समय की पाबंदी और सुरक्षा नियमों के कारण कई छात्रों को प्रवेश नहीं मिल रहा है, लेकिन इन वायरल वीडियो से यह भी साफ दिख रहा है कि छात्र परीक्षा देने के लिए कितने गंभीर हैं. इस बीच बोर्ड और संबंधित अधिकारियों से यह उम्मीद जताई जा रही है कि वे परीक्षा केंद्रों पर समयबद्ध व्यवस्था और सुरक्षा को और बेहतर बनाएं, ताकि छात्रों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े.

