Train Accident: सरायकेला में रेल हादसा, मालगाड़ी हुई बेपटरी, आवागमन बाधित

2 Min Read
Spread the love

Ranchi : सरायकेला में फिर रेल हादसा हुआ है. जहां एक मालगाड़ी की तीन बोगियां पटरी से उतर गई. हालांकि, मालगाड़ी के पटरी से उतरने से कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन उस रेल लाइन पर यातायात बाधित हो गई है. घटना चाईबासा-राजखरसावां रेलखंड के लाइन नंबर 5 पर हुई. सूचना मिलते ही चक्रधरपुर रेल मंडल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ट्रैक की मरम्मत में जुटे हैं. मालगाड़ी के पटरी से उतरने के कारणों का पता नहीं चल सका है.

राजखरसावां रेलवे स्टेशन से करीब 600 मीटर आगे हुआ हादसा

यह हादसा सरायकेला के राजखरसावां रेलवे स्टेशन से करीब 600 मीटर आगे चाईबासा-राजखरसावां रेलखंड के डाउन लाइन के ट्रैक नंबर 5 के समीप हुआ. मालगाड़ी के पटरी से उतरते ही इसकी सूचना सायरन के जरिए स्थानीय रेल अधिकारियों को दी गई. मालगाड़ी के पटरी से उतरने की सूचना मिलने के बाद रेलवे के अधिकारी, आरपीएफ व अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पटरी से उतरी मालगाड़ी के डिब्बों को हटाकर पटरी की मरम्मत शुरू कर दी. पटरी से उतरी मालगाड़ी को पटरी पर लाने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है.

मालगाड़ी के पटरी से उतरने के कारणों का पता नहीं चल सका है. बताया जाता है कि यह मालगाड़ी डांगवापोशी से लौह अयस्क लेकर राजखरसावां की ओर जा रही थी. लेकिन राज-खरसावां रेलवे स्टेशन पहुंचने से करीब 600 मीटर पहले इस मालगाड़ी की 3 बोगियां पटरी से उतर गईं. घटना की जांच चल रही है.

डीआरएम व अन्य अधिकारियों ने लिया जायजा

मालगाड़ी के पटरी से उतरने की सूचना मिलने के बाद डीआरएम व अन्य अधिकारियों ने जायजा लिया. चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया, वरीय मंडल यांत्रिक अभियंता, एडीआरएम विनय कुजूर मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. रेलवे अधिकारी घटना के बारे में कुछ भी कहने से बच रहे हैं और घटना के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *