रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और प्रशासन अलर्ट

3 Min Read
रांची सिविल कोर्ट
Spread the love

Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली. यह धमकी कोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजी गई थी. मेल मिलते ही कोर्ट प्रशासन ने बिना देर किए पुलिस को इसकी जानकारी दी.

कोर्ट परिसर में कड़ी सुरक्षा

धमकी की खबर मिलते ही रांची पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया. सिविल कोर्ट परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया. हर एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई. हालात की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया.

हर कोने की बारीकी से जांच

सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट परिसर के भीतर और आसपास व्यापक तलाशी अभियान चलाया. कोर्ट भवन, पार्किंग एरिया, रिकॉर्ड रूम और आस-पास के इलाकों की गहन जांच की गई. एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए आम लोगों की आवाजाही पर रोक भी लगाई गई.

अंतरराज्यीय एंगल की जांच

प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, धमकी भरा ई-मेल उसी आईडी से भेजा गया है, जिससे पहले बिहार की कई अदालतों को निशाना बनाया गया था. इसके अलावा, दिल्ली एनसीआर की कुछ अदालतों को भी हाल ही में इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं. इसी वजह से पुलिस इसे अंतरराज्यीय साजिश मानकर जांच कर रही है.

साइबर सेल खंगाल रही ई-मेल का सोर्स

धमकी के पीछे की सच्चाई जानने के लिए साइबर सेल को जांच सौंपी गई है. ई-मेल के सोर्स, आईपी एड्रेस और भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि यह महज अफवाह है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा, इसका पता लगाया जा रहा है. फिलहाल किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही.

लोगों से सतर्क रहने की अपील

प्रशासन ने कोर्ट आने वाले अधिवक्ताओं और आम नागरिकों से संयम बनाए रखने की अपील की है. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने को कहा गया है. अधिकारियों के मुताबिक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा को लेकर पूरी चौकसी बरती जा रही है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *