रांची में SSC MTS परीक्षा अचानक रद्द, छात्रों में भारी आक्रोश
Ranchi: रांची में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब SSC MTS और हवलदार परीक्षा को तकनीकी कारणों से रद्द कर दिया गया. शहर के तीन परीक्षा केंद्रों पर आयोजित यह परीक्षा अचानक स्थगित होने से अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा. आइडियल इंटरनेशनल स्कूल समेत दो अन्य केंद्रों पर परीक्षार्थियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
जानकारी के अनुसार, एमटीएस और हवलदार परीक्षा देने के लिए सिर्फ झारखंड ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रांची पहुंचे थे. ऐसे में परीक्षा रद्द होने की खबर मिलते ही उनमें निराशा और नाराजगी साफ नजर आई. कई अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबी दूरी तय कर यहां पहुंचे थे और अब उन्हें बिना परीक्षा दिए ही लौटना पड़ रहा है.
दूर-दराज से आए उम्मीदवारों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. उनका कहना है कि बार-बार “तकनीकी कारण” बताकर परीक्षा रद्द करना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है. अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं और आउटसोर्स की गई निजी एजेंसियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है.
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने साफ कहा कि सिर्फ परीक्षा की नई तारीख घोषित कर देना समस्या का हल नहीं है. उनका कहना है कि जब तक परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही तय नहीं की जाएगी, तब तक ऐसी परेशानियां खत्म नहीं होंगी. उन्होंने आयोग से आधिकारिक स्पष्टीकरण और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है.
वहीं, एसएससी की ओर से जारी नोटिस में बताया गया है कि 11 फरवरी की प्रथम पाली की परीक्षा तकनीकी कारणों से रद्द की गई है. फिलहाल नई परीक्षा तिथि की घोषणा नहीं की गई है. आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे ताजा अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें.

