झारखंड में कड़ाके की ठंड का कहर: रांची से मैक्लुस्कीगंज तक पारा लुढ़का, उड़ानें रद्द, जानिए कब मिलेगी राहत
रांची: झारखंड समेत पूरे राज्य में शीतलहर का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. राजधानी रांची सहित कई इलाकों में ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल ठंड से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं. उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही ठंडी हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है.
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. 29 दिसंबर को न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रह सकता है, जबकि 30 दिसंबर के बाद 2 से 3 डिग्री तक हल्की बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है. हालांकि, सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की आशंका बनी रहेगी.
ग्रामीण इलाकों में ज्यादा सताई ठंड
ठंड का सबसे ज्यादा असर ग्रामीण इलाकों में देखने को मिल रहा है. राज्य के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है.
राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कांके और कोल्हान क्षेत्र में पारा करीब 2.5 डिग्री तक पहुंच गया.
वहीं मैक्लुस्कीगंज में तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले कई वर्षों में सबसे कम बताया जा रहा है.
कोहरे की मार, उड़ानें रद्द
घने कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखा. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से बीते 24 घंटे में 13 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई फ्लाइट्स देरी से रवाना हुईं. सबसे ज्यादा असर सुबह की उड़ानों पर पड़ा.
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, मौसम साफ होते ही उड़ान सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य कर दी जाएंगी.


