झारखण्ड में बारिश को लेकर रेड अलर्ट, 3 अगस्त को राज्य के 12 वीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश

3 Min Read
झारखण्ड में बारिश को लेकर रेड अलर्ट, 3 अगस्त को राज्य के 12 वीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश
Spread the love

Ranchi: झारखंड में हो रही मूसलाधार बारिश ने लोगों के जीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में गुरुवार रात से लगातार बारिश हो रही है. इसे ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 12वीं तक के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया है. आदेशानुसार कल यानि 3 अगस्त को पूरे राज्य में 12वीं तक की कक्षाएं स्थगित रहेंगी.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है कि ‘मौसम विभाग ने कल 3 अगस्त 2024 को राज्य के अधिकांश जिलों में तेज हवाएं और भारी बारिश की चेतावनी दी है. आपकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है. इसलिए मैंने निर्णय लिया है कि कल पूरे राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे. सभी नागरिकों से अनुरोध है: अनावश्यक यात्रा से बचें, सतर्क रहें, सुरक्षित रहें. हम एकजुट होकर इस चुनौती का सामना करेंगे.’

झारखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण बरसाती नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. इसके कारण निचले इलाकों के घरों में पानी घुस गया है. रांची के दीपा टोली में रोड नंबर 5 में इतना पानी भर गया है कि एनडीआरएफ की टीम को तैनात करना पड़ा. इसके अलावा लगातार हो रही बारिश ने राज्य के कई हिस्सों में कहर बरपाया है. रामगढ़ में रजरप्पा मंदिर परिसर तक पानी पहुंच गया है. यहां दामोदर और भैरवी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. बारिश के कारण दुमका और देवघर में रेलवे स्टेशन की पटरियां भी डूब गई हैं. जिसके कारण देवघर और बासुकीनाथ इन रेलवे स्टेशनों पर रेल यातायात प्रभावित हुआ है.

कच्चे घरों वाले लोग रहे सतर्क

रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, लोहरदगा, गुमला में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा कोडरमा, गिरिडीह, रामगढ़, बोकारो, रांची, खूंटी और सिमडेगा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. देवघर, जामताड़ा और आसपास के जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक मूसलाधार बारिश के कारण कच्चे मकानों को खतरा है. कच्चे घरों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *