Palamu: पलामू प्रमंडल के मुख्यालय मेदिनीनगर के मुख्य बाजार से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक कपड़ा कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है. आरोप है कि अपराधी प्रिंस खान ने व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए कारोबारी को धमकाया और रकम देने का दबाव बनाया. घटना की शिकायत मिलने के बाद शहर थाना में प्रिंस खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले के सामने आते ही पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है.
कारोबारी की सुरक्षा बढ़ी, जांच में जुटी पुलिस
शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि सोमवार देर शाम इस मामले की शिकायत मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कारोबारी की सुरक्षा बढ़ा दी और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, प्रिंस खान से जुड़े तीन शूटरों को कुछ दिन पहले ही गिरफ्तार किया गया था. इन्हीं शूटरों के माध्यम से कुवैत में बैठे एक व्यक्ति ने प्रिंस खान से संपर्क साधा था.
पहले भी मांग चुका है रंगदारी
जानकारी के मुताबिक, इससे पहले भी प्रिंस खान ने पलामू के एक सोना कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी. उस मामले में पुलिस ने शूटरों को गिरफ्तार किया था और उनके पास से हथियार भी बरामद हुए थे.
छापेमारी तेज, गिरोह की तलाश जारी
स्थानीय पुलिस का कहना है कि पलामू में प्रिंस खान द्वारा रंगदारी मांगने का यह दूसरा मामला है. व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के दौरान उसने पलामू के एक अन्य गैंगस्टर का नाम भी लिया है. फिलहाल पुलिस प्रिंस खान और उसके शूटरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
Ranchi Breaking: लापता अंश-अंशिका रामगढ़ में मिले, SP खुद लेने रवाना
