JHARKHANDLATEST NEWS

झारखंड में ठंड अब विदा लेने की तैयारी में, तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की हो सकती है बढ़ोतरी

Spread the love

Jharkhand Weather: झारखंड के लोगों के लिए राहत भरी खबर है. राज्य में कड़ाके की ठंड अब अपने अंतिम दौर में पहुंचती नजर आ रही है. आने वाले दिनों में कनकनी से धीरे-धीरे निजात मिलने की उम्मीद है. IMD रांची केंद्र के अनुसार, अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. हालांकि, सुबह और देर रात हल्की ठंड बनी रहेगी.

दिन में गर्मी, रात में हल्की ठंड

उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में दिन का तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. गोड्डा और पाकुड़ में कुछ दिनों में 30 डिग्री तक गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि रात का तापमान 9 से 14 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है.

उत्तर-पश्चिमी जिलों में रातें रहेंगी ठंडी

कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में रात का तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. इन इलाकों में दिन और रात के तापमान में अंतर अधिक रहेगा.

मध्य और दक्षिणी झारखंड का हाल

रांची, बोकारो, हजारीबाग, खूंटी और गुमला में दिन का तापमान 26–28 डिग्री के आसपास रहेगा, जबकि कुछ इलाकों में रातें अब भी ठंडी रह सकती हैं. वहीं, जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में दिन में हल्की गर्मी और रात में सामान्य ठंड महसूस होगी.

कुल मिलाकर, राज्यभर में ठंड का असर अब कमजोर पड़ रहा है. दोपहर में धूप के कारण मौसम सुहाना रहेगा, जबकि सुबह और रात हल्की ठंड बनी रह सकती है. फिलहाल बारिश या किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *