Ranchi : राज्य भीषण गर्मी की चपेट में है. इसी बीच मौसम विभाग ने राजधानीवासियों के लिए राहत की खबर दी है. आईएमडी के रांची स्थित मौसम केंद्र ने कहा है कि पिछले 24 घंटों के दौरान रांची, जमशेदपुर और डाल्टेनगंज (पलामू) में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट आई है. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि अगले दो-तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद पारा 2 से 3 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिर जायेगा.
ये जिले रहे सबसे गर्म
उन्होंने कहा कि सरायकेला, बहरागोड़ा, गोड्डा, बोकारो, पश्चिमी सिंहभूम, पाकुड़, देवघर, जामताड़ा, साहिबगंज और पलामू सबसे गर्म स्थान रहे. इनमें सरायकेला, गोड्डा, पश्चिमी सिंहभूम और पाकुड़ में लू चली. वहीं, बहरागोड़ा, बोकारो, देवघर और जामताड़ा में लू जैसी स्थिति रही.
रांची और पलामू के अधिकतम तापमान में गिरावट आयी
रांची के न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री सेंटीग्रेड की गिरावट आयी है, जबकि जमशेदपुर में 0.8 डिग्री सेंटीग्रेड की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, डाल्टेनगंज का न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री घटकर 25.5 डिग्री सेंटीग्रेड हो गया है.
झारखंड में 5 मई तक हीट वेव का येलो अलर्ट
मौसम वैज्ञानिक ने 5 मई तक हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया है. बताया जा रहा है कि 2 और 3 मई को पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, देवघर में कुछ जगहों पर हीट वेव की स्थिति देखी जा सकती है. जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज। 4 मई को संताल परगना के गोड्डा और पाकुड़ को छोड़कर अन्य जिलों को लू से राहत मिलेगी. लेकिन, कोल्हान प्रमंडल के सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम को लू का सामना करना पड़ेगा.
