Jharkhand Weather: शीतलहर से कांपा झारखंड, 8 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे, दो दिन बाद मिल सकती है राहत

2 Min Read
Jharkhand Weather: शीतलहर से कांपा झारखंड, 8 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे, दो दिन बाद मिल सकती है राहत
Spread the love

Jharkhand Weather: झारखंड में ठंड का असर अभी भी बरकरार है. शनिवार को भी राज्य के कई इलाकों में शीतलहर ने लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर किया. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राज्य के आठ जिलों में न्यूनतम तापमान अचानक 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया. मौसम के आंकड़ों के मुताबिक, खूंटी प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां पारा 1.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया. वहीं, डाल्टनगंज में 3.5 डिग्री और बोकारो थर्मल में 6.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. हालात को देखते हुए गुमला, रांची और खूंटी जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है.

48 घंटे बाद मिलेगी राहत

मौसम विभाग का अनुमान है कि गुमला, खूंटी और रांची में रविवार सुबह तक शीतलहर का असर बना रह सकता है. इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी. रांची मौसम केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी हवाओं के चलते फिलहाल ठंड तेज है, लेकिन अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है. इससे शीतलहर से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

इन जिलों में 10 डिग्री से नीचे पारा

बीते 24 घंटों में रांची का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री, चाईबासा का 6.6 डिग्री और जमशेदपुर का 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा खूंटी, गुमला, लातेहार, पाकुड़, डाल्टनगंज (पलामू), लोहरदगा और बोकारो जैसे जिलों में भी पारा 10 डिग्री से नीचे रहा. इस दौरान मौसम शुष्क रहा और कई जगहों पर हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिला.

सुबह कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 11 से 16 जनवरी के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में सुबह के समय कोहरा छा सकता है, हालांकि दिन में मौसम साफ रहने की संभावना है. 11 जनवरी के बाद ठंड के तेवर ढीले पड़ सकते हैं. ठंड को देखते हुए कई स्कूलों ने समय में बदलाव की घोषणा की है और सोमवार से स्कूल खुलने की संभावना जताई जा रही है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *