Jharkhand Weather: रांची में बदला मौसम का मिजाज, तेज हवा और के साथ हुई झमाझम बारिश, 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
Jharkhand Weather: झारखंड की राजधानी रांची में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली. दोपहर के समय आसमान में घने बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई. दिन के उजाले में ही बादलों के कारण अंधेरा सा माहौल बन गया. बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली और शहर का मौसम सुहावना हो गया.
रांची में सुबह तक तेज धूप थी, लेकिन दोपहर बाद मौसम का रुख बदल गया. आसमान में काले बादल उमड़ने लगे और हल्की बूंदा-बांदी के साथ कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई. इससे पहले शनिवार को भी दोपहर बाद मौसम बदला था और बारिश हुई थी. मौसम विभाग ने सोमवार रात के दौरान कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई है.
कई स्थानों पर वज्रपात और ओलावृष्टि की भी चेतावनी
मौसम विभाग ने 16 मार्च को राज्य के अधिकतर जिलों में तेज हवा और मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कई स्थानों पर वज्रपात और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है.
राज्य के 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इनमें रांची, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं.
18 जिलों में वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना
मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 मार्च को भी राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं 18 मार्च को रांची समेत करीब 18 जिलों में वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है. हालांकि गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग और कोडरमा में उस दिन मौसम सामान्य रह सकता है.
इसके बाद 19 मार्च को एक बार फिर पूरे राज्य में मौसम के सक्रिय रहने और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर रहने से बचने की सलाह दी है.

