JHARKHANDKODERMALATEST NEWS

भारत गौरव ट्रेन से करें ज्योतिर्लिंग दर्शन, 11 मार्च से चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानें पूरा रूट

Spread the love

Jharkhand News: एक भारत श्रेष्ठ भारत योजना के तहत भारतीय रेलवे पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से IRCTC द्वारा भारत गौरव पर्यटन ट्रेन चलाई जा रही है. इस विशेष ट्रेन में यात्रियों को 33 प्रतिशत रियायती दर पर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा. इस संबंध में IRCTC के जोनल इंचार्ज मोइनक दत्ता ने कोडरमा रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी दी. उन्होंने बताया कि भारत गौरव पर्यटन ट्रेन के माध्यम से यात्रियों को उज्जैन के ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, द्वारिका धाम, बेट द्वारिका, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग और अहमदाबाद स्थित अक्षरधाम मंदिर का दर्शन व भ्रमण कराया जाएगा. यह विशेष ट्रेन 11 मार्च 2026 से शुरू होगी. पूरी यात्रा की अवधि आठ रात और नौ दिन की होगी.

स्लीपर और एसी कोच में मिलेंगी सभी सुविधाएं

जोनल इंचार्ज ने बताया कि इकोनॉमी यानी स्लीपर क्लास में यात्रा करने के लिए यात्रियों को 18,850 रुपये प्रति व्यक्ति का भुगतान करना होगा. वहीं स्टैंडर्ड श्रेणी में 3 एसी क्लास के लिए 33,985 रुपये प्रति व्यक्ति, जबकि कम्फर्ट श्रेणी में 3 एसी क्लास का शुल्क 41,990 रुपये प्रति व्यक्ति तय किया गया है. यात्रा पैकेज में श्रेणी के अनुसार वातानुकूलित और गैर वातानुकूलित होटल में रात्रि विश्राम की सुविधा शामिल होगी. यात्रियों को सुबह, दोपहर और रात का भोजन पूरी तरह शाकाहारी उपलब्ध कराया जाएगा. इसके अलावा सुबह-शाम चाय और प्रतिदिन दो बोतल पानी भी दिया जाएगा.

यात्रा के दौरान अतिरिक्त सुविधाएं

हर कोच में पीने के पानी की अलग व्यवस्था रहेगी. भ्रमण के लिए श्रेणी के अनुसार एसी और नॉन-एसी बसों की सुविधा उपलब्ध होगी. साथ ही ट्रेन में सुरक्षा गार्ड, सफाई कर्मी, मेडिकल स्टाफ और टूर एस्कॉर्ट की भी तैनाती रहेगी.

टिकट बुकिंग और कैंसलेशन नियम

मोइनक दत्ता ने बताया कि इच्छुक यात्री IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट या फिर टोल फ्री नंबर 8595937711 के माध्यम से टिकट बुक करा सकते हैं. यदि यात्री यात्रा शुरू होने से 15 दिन पहले तक टिकट रद्द कराते हैं, तो 250 रुपये की कटौती होगी. यात्रा शुरू होने से 8 से 14 दिन पहले टिकट रद्द करने पर 25 प्रतिशत राशि काटी जाएगी. वहीं 4 से 7 दिन के बीच टिकट रद्द करने पर 50 प्रतिशत राशि की कटौती होगी. यात्रा शुरू होने से चार दिन पहले टिकट रद्द करने पर कोई भी राशि वापस नहीं की जाएगी. उन्होंने यह भी बताया कि यात्रा में पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *