झारखंड पर्यटन को मिलेगा नया चेहरा, एमएस धोनी बन सकते हैं ब्रांड एंबेसडर

3 Min Read
एमएस धोनी और सीएम हेमंत सोरेन
Spread the love

Ranchi News: झारखंड के लिए एक बड़ी और उत्साहजनक खबर सामने आई है. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और रांची के गौरव महेंद्र सिंह धोनी को झारखंड टूरिज्म डिपार्टमेंट का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने की तैयारी की जा रही है. इसे लेकर झारखंड सरकार और धोनी के बीच जल्द ही एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर होने की संभावना जताई जा रही है.

29 जनवरी को हुई थी सीएम और धोनी की मुलाकात

इससे पहले 29 जनवरी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन, लंदन यात्रा से लौटने के बाद रांची में महेंद्र सिंह धोनी से मिले थे. इस मुलाकात की तस्वीर मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेयर करते हुए लिखा था, “माही से अचानक मुलाकात हुई.” इस पोस्ट के बाद से ही कयास लगाए जाने लगे थे कि झारखंड पर्यटन को लेकर कोई अहम पहल होने वाली है.

पर्यटन विभाग ने भेजा था प्रस्ताव

झारखंड पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से टूरिज्म डिपार्टमेंट ने एमएस धोनी को ब्रांड एंबेसडर बनने का औपचारिक आग्रह पत्र भेजा था. बताया जा रहा है कि धोनी ने इस प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है, जिसके बाद अब सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी करने की तैयारी की जा रही है.

राज्य की ब्रांड वैल्यू को मिलेगी मजबूती

सरकार का मानना है कि एमएस धोनी जैसा वैश्विक पहचान वाला चेहरा जुड़ने से झारखंड की ब्रांड वैल्यू को बड़ा सहारा मिलेगा. उनकी लोकप्रियता के जरिए राज्य के जलप्रपात, पहाड़, घने जंगल, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध आदिवासी संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाया जा सकेगा.

प्रमुख पर्यटन स्थलों पर होगी शूटिंग

योजना के तहत झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर एमएस धोनी के साथ प्रमोशनल वीडियो शूट किए जाएंगे. इन वीडियो को डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और विभिन्न प्रचार अभियानों के माध्यम से देश और विदेश में प्रसारित किया जाएगा, ताकि झारखंड को एक उभरते पर्यटन राज्य के रूप में स्थापित किया जा सके.

रांची के बेटे से जुड़ा गर्व

एमएस धोनी का झारखंड, खासकर रांची से गहरा भावनात्मक रिश्ता रहा है. ऐसे में उनका झारखंड पर्यटन का चेहरा बनना न सिर्फ राज्य के लिए, बल्कि यहां के लोगों के लिए भी गर्व की बात मानी जा रही है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *