गिरीडीह में मेला देखकर लौट रही दो नाबालिग आदिवासी बच्चियों के साथ गैंगरेप, जांच में जुटी पुलिस
Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां के पीरटांड़ थाना अंतर्गत हरलाडीह ओपी क्षेत्र में दो नाबालिग लड़कियों के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया है. इस घटना की जानकारी सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पीड़िताओं में से एक नाबालिग की शिकायत पर हरलाडीह ओपी में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
सुनसान इलाके में दिया गया वारदात को अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हरलाडीह क्षेत्र में जतरा मेला आयोजित किया गया था, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे. इसी मेले में दोनों नाबालिग लड़कियां भी अन्य ग्रामीणों के साथ पहुंची थीं. रविवार और सोमवार की मध्य रात करीब 12 से 1 बजे के बीच कुछ अज्ञात युवकों ने दोनों को अपने कब्जे में ले लिया और एक सुनसान स्थान पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
एसपी और एसडीपीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को गिरिडीह के एसपी डॉ बीमल कुमार और एसडीपीओ सुमीत प्रसाद हरलाडीह पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशील जांच के निर्देश दिए. एसपी ने स्पष्ट कहा कि यह एक अत्यंत गंभीर मामला है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
डॉग स्क्वॉड, तकनीकी टीम और CCTV की मदद से जांच तेज
पुलिस ने जांच को तेज करने के लिए डॉग स्क्वॉड को भी लगाया है, जो घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में सबूत जुटा रही है. आरोपियों की पहचान के लिए इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. इसके साथ ही तकनीकी टीम कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के जरिए संदिग्धों की गतिविधियों की जांच कर रही है.
पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण, लोगों में आक्रोश
दोनों नाबालिग पीड़िताओं को मेडिकल जांच के लिए गिरिडीह भेजा गया है. इधर घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं. पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा.

