CRIMEJHARKHANDKHUNTILATEST NEWS

अंधविश्वास बना मौत की वजह, खूंटी में 7 साल के मासूम की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

Crime News: झारखंड के खूंटी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. डायन-बिसाही के अंधविश्वास से जुड़े विवाद में गुरुवार को सात वर्षीय बच्चे विष्णु मुंडा की बेरहमी से हत्या कर दी गई. मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. यह कार्रवाई मारंगहादा पुलिस द्वारा की गई. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लांदुपटोला बीमाडीह निवासी जगरनाथ मुंडा उर्फ जगर मुंडा और रघु मुंडा के रूप में हुई है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुदाल और मृतक बच्चे की चप्पल भी बरामद कर ली है.

अंधविश्वास और बदले की भावना में दिया घटना को अंजाम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रघु मुंडा के पोते की तीन महीने पहले मौत हो गई थी. रघु को शक था कि गांव के लक्ष्मण मुंडा की पत्नी द्वारा किए गए कथित जादू-टोने के कारण उसके पोते की जान गई. इसी अंधविश्वास और बदले की भावना में रघु मुंडा ने जगरनाथ मुंडा के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया.

मौके पर ही हो गई मौत

मामले के बारे में बताया गया कि गुरुवार को लक्ष्मण मुंडा का सात वर्षीय पुत्र विष्णु मुंडा जंगल के पास खेल रहा था. इसी दौरान दोनों आरोपियों ने बच्चे पर कुदाल की बेंत से सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *