Jharkhand Cold Wave Alert: उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के प्रभाव से झारखंड में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले कुछ दिनों तक राज्य में कड़ाके की सर्दी बनी रहेगी. इसी को देखते हुए बुधवार के लिए झारखंड के 13 जिलों में शीत लहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के मुताबिक, 14 जनवरी को गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहारदगा, रामगढ़, बोकारो, रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में शीत लहर का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा. इस दौरान राज्य के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है. वहीं करीब 9 जिलों में तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है.
इन जिलों में 5 डिग्री या उससे कम रहेगा तापमान
मौसम विभाग द्वारा जारी अनुमान के अनुसार, बुधवार को गुमला में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. खूंटी में तापमान 3 डिग्री रहने की संभावना है, जबकि रामगढ़, गढ़वा, लातेहार और पलामू में न्यूनतम तापमान 4-4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है. इसके अलावा रांची, सिमडेगा और हजारीबाग में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
दो दिनों तक इन जिलों में शीत लहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने 14 जनवरी (बुधवार) के साथ-साथ 15 जनवरी (गुरुवार) के लिए भी गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहारदगा, रामगढ़, बोकारो, रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में शीत लहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
मंगलवार को गुमला रहा सबसे ठंडा
मंगलवार को झारखंड के कई हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी रही. राज्य के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, गुमला राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, खूंटी में यह 4.2 डिग्री और पलामू के डाल्टनगंज में 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा. गुमला में दृश्यता भी सबसे कम रही, जो 800 मीटर दर्ज की गई.
