‘मोंथा’ चक्रवात का असर बिहार में शुरू, अगले 48 घंटे भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
Patna: बंगाल की खाड़ी में बना मोंथा चक्रवात अब बिहार की ओर बढ़ रहा है. आंध्र प्रदेश से टकराने के बाद इस तूफान की दिशा उत्तर–उत्तर पश्चिम हो गई है, जिसके असर से बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. छठ महापर्व के दौरान महसूस की गई गर्मी के बाद अब ठंडी हवाएं और बारिश शुरू हो चुकी हैं.

मंगलवार शाम तक चक्रवात का असर झारखंड के कई हिस्सों में देखा गया, जबकि बुधवार से यह बिहार में सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. अगले 48 घंटों तक वज्रपात, आंधी और वर्षा की स्थिति बनी रहेगी.
29 अक्टूबर का पूर्वानुमान
भभुआ, रोहतास, गया, नवादा और शेखपुरा जैसे दक्षिणी जिलों में भारी बारिश की संभावना है. राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी.
30 अक्टूबर का अलर्ट
सुपौल, अररिया, किशनगंज, बांका, जमुई और शेखपुरा में अति भारी बारिश का अनुमान है. वहीं पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, औरंगाबाद, नालंदा और आसपास के जिलों में भी भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है. इस दिन से तूफान का प्रभाव पूरे राज्य में स्पष्ट रूप से दिखेगा. कुछ स्थानों पर 30–40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे फसलों और बिजली व्यवस्था को नुकसान पहुंच सकता है.
31 अक्टूबर की विशेष चेतावनी
बुधवार के बाद का दिन यानी 31 अक्टूबर उत्तरी बिहार के लिए चुनौतीपूर्ण रहेगा. पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा और अररिया में अति भारी वर्षा का पूर्वानुमान है. पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर जिलों में भी भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है.
मौसम विभाग का कहना है कि तूफान के बाद ठंड का असर बढ़ेगा. अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 2–4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी. न्यूनतम तापमान में कमी के कारण सर्दी का एहसास जल्दी शुरू हो जाएगा. मानसून की विदाई के बाद यह पहली बार है जब बिहार में इतनी व्यापक और तेज बारिश दर्ज की जा रही है. अब तक राज्य में लगभग 128 मिमी वर्षा हो चुकी है.
