कछुए की अंगूठी पहनना कितना शुभ? जानिए सही धातु, विधि और जरूरी नियम
Tortoise Ring: वास्तु शास्त्र और ज्योतिष में कई ऐसी वस्तुओं के बारे में बताया गया है, जिनका सीधा असर व्यक्ति के जीवन, व्यवहार और आर्थिक स्थिति पर पड़ता है. इन्हीं में से एक है कछुए की अंगूठी. हिंदू धार्मिक मान्यताओं में कछुए को बेहद शुभ माना गया है और इसे धारण करने से जीवन में स्थिरता, आत्मविश्वास और प्रगति आती है. हालांकि, कछुए की अंगूठी पहनने के कुछ खास नियम भी बताए गए हैं. ऐसे में अगर इन नियमों की अनदेखी की जाए, तो अच्छे रिजल्ट की जगह गलत रिजल्ट भी देखने को मिल सकते हैं.
कछुए की अंगूठी का धार्मिक महत्व
हिंदू धर्म के अनुसार, भगवान विष्णु ने कूर्म अवतार यानी कछुए के रूप में अवतार लिया था. भगवान विष्णु को सृष्टि के पालनकर्ता और देवी लक्ष्मी को धन व समृद्धि की देवी माना जाता है. ऐसे में मान्यता है कि कछुए की अंगूठी धारण करने से भगवान विष्णु और देवी लक्ष्मी दोनों का आशीर्वाद प्राप्त होता है, जिससे जीवन में सुख, शांति और आर्थिक मजबूती आती है.
सफलता और स्थिरता का प्रतीक
कछुआ धैर्य, स्थिरता और निरंतर सफलता का प्रतीक माना जाता है. वास्तु शास्त्र के अनुसार कछुए की अंगूठी पहनने से व्यक्ति को धीरे-धीरे लेकिन स्थायी उन्नति मिलती है. खास तौर पर चांदी या पंचधातु में बनी कछुए की अंगूठी को सबसे अधिक शुभ माना गया है. यह व्यापार, नौकरी और व्यक्तिगत जीवन में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने में सहायक होती है.
कछुए की अंगूठी पहनने की सही विधि
कछुए की अंगूठी को शुक्रवार या शनिवार के दिन पहनना शुभ माना गया है. इसे पहनने से पहले अंगूठी को गंगाजल या कच्चे दूध में कुछ समय के लिए रखकर शुद्ध कर लेना चाहिए. इसके अलावा, इस अंगूठी को दाहिने हाथ की मध्यम उंगली में पहनना उत्तम माना जाता है. साथ ही अंगूठी धारण करते समय “ॐ कुरुमा नमः” मंत्र का जाप करना विशेष फलदायी होता है.
किन लोगों को नहीं पहननी चाहिए
बता दें कछुए की अंगूठी हर व्यक्ति के लिए अच्छी हो ऐसा जरूरी नहीं. जिन लोगों की कुंडली में शनि या राहु की स्थिति कमजोर हो, उन्हें इसे पहनने से पहले किसी योग्य ज्योतिषी की सलाह जरूर लेनी चाहिए. मान्यताओं के अनुसार गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों को भी कछुए की अंगूठी नहीं पहननी चाहिए.
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
- कछुए की अंगूठी पहनकर गलत कार्यों से दूर रहें.
- अंगूठी को कभी गिरने न दें और न ही पैर से लगने दें.
- सोते समय अंगूठी उतारकर साफ और सुरक्षित स्थान पर रखें.
- एक बार पहनने के बाद अंगूठी को बार-बार घुमाने से बचें, क्योंकि ऐसा करने से इसकी दिशा बदल जाती है और धन आगमन में रुकावट आ सकती है.

