झारखंड में सर्दी का सितम, यहां 1 डिग्री तक गिरा पारा, कुछ जिलों में चलेगी शीतलहर

3 Min Read
झारखंड मौसम
Spread the love

Jharkhand Cold Wave: झारखंड में ठंड का कहर लगातार जारी है. राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. रांची जिले के मैकलुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान गिरकर 1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे सुबह और रात के समय लोगों को तेज कनकनी का सामना करना पड़ रहा है.

पिछले 24 घंटे की बात करें, तो राज्य के कई जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी रही. इस दौरान खूंटी राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, गुमला में तापमान में हल्का उछाल देखा गया और यहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

24 घंटे में शीतलहर के हालात

गुरुवार की तुलना में रांची के न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट आई है. राजधानी में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान अभी भी 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे या उसके आसपास बना हुआ है. मैकलुस्कीगंज में जहां न्यूनतम तापमान 1 डिग्री और अधिकतम 23 डिग्री रहा, वहीं कांके में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में कुछ जिलों में शीतलहर के हालात बने रह सकते हैं. हालांकि, विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि आने वाले चार दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है.

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड के निचले क्षोभमंडल में उत्तर-पश्चिम से पश्चिम दिशा की ओर चल रही हवाओं के कारण ठंड का असर बढ़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है.

इस बीच, रांची प्रशासन ने लोगों से ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की है. रांची के उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री ने कहा कि इस मौसम में ठंड से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *